
Indore Metro Train: उदय प्रताप सिंह, इंदौर। गांधी नगर से रेडिसन चौराहा, पलासिया से रीगल होते हुए एयरपोर्ट तक मेट्रो की रिंग 31 किमी में बनाने की योजना के बाद अब नए रूट की योजना तैयार हो रही है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा इंदौर से पीथमपुर के बीच रेल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम के तहत मेट्रो चलाने की घोषणा के बाद अब नए रूट पर विचार किया जा रहा है।
ऐसे में पीथमपुर से राऊ होते हुए राजेंद्र नगर, राजा रामन्ना प्रगत प्रौद्योगिकी केंद्र (आरआर कैट), रणजीत हनुमान मंदिर रोड पर नया रूट बनाया जाएगा। इससे अधिक से अधिक शहरवासियों को फायदा मिलेगा। समय और ईंधन की बचत होगी। यह रणजीत हनुमान मंदिर से राजवाड़ा या बड़ा गणपति पर मेट्रो के प्रस्तावित रिंग वाले रूट से जोड़ा जाएगा। हालांकि राजवाड़ा व बड़ा गणपति पर मेट्रो का रूट व स्टेशन अंडर ग्राउंड होने के कारण पीथमपुर से इस हिस्से को जोड़ने वाला रूट एलिवेटेड बनेगा।
बड़ा गणपति या राजवाड़ा के पास नगर निगम मुख्यालय परिसर में प्रस्तावित अंडर ग्राउंड मेट्रो स्टेशन के पास एलिवेटेड मेट्रो स्टेशन बनेगा। इस तरह अंडर ग्राउंड व एलिवेटेड मेट्रो स्टेशन के बीच इतनी दूरी होगी कि यात्री आसानी से एक से दूसरे स्टेशन तक पहुंच सकें। इंदौर से पीथमपुर को जोड़ने वाले नए मेट्रो रूट पर राजवाड़ा या बड़ा गणपति वाले हिस्से को जोड़ा जाएगा और यहां से सीधे लवकुश चौराहे तक कनेक्टिविटी का शेष रूट तैयार होगा। उसके बाद लवकुश चौराहे से सांवेर रोड होते हुए महाकाल मंदिर तक रैपिड रेल ट्रांजिट सिस्टम के तहत नया मेट्रो का एलिवेटेड रूट तैयार होगा।
इंदौर से पीथमपुर व उज्जैन के बीच रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन द्वारा फिजिबिलिटी सर्वे कर रिपोर्ट तैयार की जा चुकी है और इसकी फाइनल रिपोर्ट एक माह में मेट्रो रेल कार्पोरेशन लि. को दी जाएगी। इसके बाद डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने का काम शुरू होगा।