
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में इंदौर विधायक के बेटे द्वारा प्रतिबंधित क्षेत्र में रील बनाने का मामला समाने आया है। वीडियो बहुप्रसारित होने के बाद मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा संभाल रही कोर कंपनी पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। घटना एक सप्ताह पुरानी बताई जा रही है।
इंदौर के भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के पुत्र रुद्राक्ष शुक्ला ने महाकाल दर्शन करने आने पर मंदिर के बाहर से चांदी द्वार तक रील बनाई। इस दौरान कर्मचारी रुद्राक्ष को प्रोटोकाल से दर्शन कराने तथा उनकी आवभगत में लगे रहे। किसी ने भी उन्हें प्रतिबंधित क्षेत्र में रील बनाने से नहीं रोका। इंटरनेट मीडिया पर दर्शन की रील बहु प्रसारित होने के बाद घटना की जानकारी मिली।
मामला मीडिया की सुर्खी बनने के बाद अफसर जागे और सुरक्षा एजेंसी पर जुर्माना लगा दिया। जबकि मामले में प्रभारी अधिकारी से जवाब तलब होना चाहिए था। लेकिन अफसरों ने कंपनी पर जुर्माना लगाकर इतिश्री कर ली। इस मामले में मंदिर समिति का कोई भी अधिकारी कुछ भी बयान देने से बचता रहा।
यह भी पढ़ें- उज्जैन में महाकाल को भस्मआरती के दौरान गर्म पानी से नहलाने की परंपरा शुरू, होली तक जारी रहेगा क्रम
महाकाल मंदिर में सामान्य व वीआइपी भक्तों के लिए अलग नियम है। अगर कोई भक्त 250 रुपये का शीघ्र दर्शन टिकट खरीदकर भगवान महाकाल के दर्शन करने की इच्छा रखता है, तो उसे व्यवस्था के नाम पर अपना मोबाइल लाकर में जमा कराना होता है। जबकि वीआईपी रसूख के साथ अपना मोबाइल साथ ले जाते हैं।
कुछ रसूखदार फोटोग्राफी भी करते हैं, उन्हें सामान्य सुरक्षाकर्मी रोक नहीं पाते हैं। अगर गार्ड रोकते हैं, तो उनपर अभद्रता का आरोप लगाकर दंडित किया जाता है। बीते दिनों कुछ साधु संतों ने गार्डों पर चेकिंग करने का आरोप लगाते हुए इसे अभद्रता करार दिया था।