
नीरज व्यास, नईदुनिया, इंदौर। महाराजा तुकोजीराव होलकर महिला चिकित्सालय (एमटीएच अस्पताल) में प्रसूति के दौरान कथित लापरवाही का मामल सामने आया है। आरोप है कि प्रसूति कराने वाले डाक्टरों और अस्पताल के अन्य स्टाफ की लापरवाही से बच्ची के मस्तिष्क को गंभीर क्षति पहुंची, जिससे उसका शारीरिक और मानसिक विकास प्रभावित हुआ है।
सीएम हेल्पलाइन से लेकर राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग तक शिकायत करने के बाद भी न्याय नहीं मिलने पर स्वजन ने अब सोशल मीडिया का सहारा लिया है। वे अलग-अलग मंचों पर 'जस्टिस फार दिविषा' नाम से अभियान चला रहे हैं। इस अभियान को अब तक एक करोड़ से अधिक व्यूज मिल चुके हैं।
मांगलिया के ग्राम गारी पिपलिया निवासी दिनेश मंगरोलिया की पत्नी पूजा मंगरोलिया को 19 मई 2025 को प्रसव के लिए एमटीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्वजन का आरोप है कि 14-15 घंटे तक प्रसव पीड़ा के बाद प्रसूति के दौरान मौजूद डाक्टरों और अस्पताल स्टाफ ने उनकी आपरेशन करने की मांग पर ध्यान नहीं दिया। प्रसव के दौरान वैक्यूम एक्सट्रैक्टर का अनुचित इस्तेमाल किया गया।
इससे नवजात दिविषा (शर्लिन) को जन्म के समय आक्सीजन की भारी कमी हुई और उसके मस्तिष्क को गंभीर क्षति पहुंची। स्वजन के अनुसार, इसके चलते मासूम एचआइई ग्रेड-2 और इनसेफ्लोमाल्सिय जैसी गंभीर दिमागी बीमारियों से ग्रस्त हो गई। वर्तमान में उसे लगातार दौरे पड़ने और शरीर में अकड़न की गंभीर समस्या बनी हुई है।
दिनेश मंगरोलिया ने घटना की शिकायत सीएम हेल्पलाइन और 104 पर की। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग, नई दिल्ली में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद आयोग ने मामले का संज्ञान लेते हुए इंदौर कलेक्टर को जांच के निर्देश दिए। कलेक्टर कार्यालय ने भी सीएमएचओ कार्यालय को पूरी जांच रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर कार्यालय से पत्र मिलने के बाद सीएमएचओ कार्यालय ने आठ अक्टूबर को डीन कार्यालय को पत्र लिखा था। इसमें बच्ची को एचआईई एवं मस्तिष्क क्षति होने के मामले में उचित जांच कराने और उपचार संबंधी सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में जांच प्रतिवेदन मांगा गया है।
सीएमएचओ कार्यालय से जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को लेकर कोई पत्र आया है, यह मेरे संज्ञान में नहीं है। पत्र मिलते ही जरूरी कार्रवाई करते हुए जल्द से जल्द हमारी ओर से जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराया जाएगा। - डॉ. अरविंद घनघोरिया, डीन, एमजीएम मेडिकल कॉलेज
इस मामले में डीन कार्यालय को पत्र लिखकर जल्द से जल्द जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का कहा है। हम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रहे हैं। - डॉ. माधव हासानी, मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी