
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। नगर निगम का वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट मंगलवार को पेश होगा। महापौर पुष्यमित्र भार्गव इसे प्रस्तुत करेंगे। आठ हजार करोड़ रुपये से अधिक के इस बजट में कोई नया कर नहीं लगाया गया है, न ही किसी कर की दर में बढ़ोतरी की गई है।
खास बात यह है कि नगर निगम बजट में एमओएस टैक्स पर पुनर्विचार करते हुए राज्य शासन से इसे वापस लेने की मांग के संबंध में प्रस्ताव भी रखा जाना है।
भागीरथपुरा दूषित पानी कांड से सबक लेते हुए निगम शहर में नई टेस्टिंग लैब खोलने जा रहा है। बजट में इसका प्रविधान किया गया है। इसके अलावा बजट में रामसर साइटों के विकास के लिए भी प्रविधान किया गया है।
बजट में शहर में एक से ज्यादा डाग होम शेल्टर बनाए जाने का प्रविधान किया जा रहा है। मास्टर प्लान की 24 सड़कों को वित्तीय वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखते हुए वार्ड की भीतर की सड़कों के निर्माण के लिए इस बजट में प्रविधान किया गया है। इसके अलावा 200 एमएलडी के नए एसटीपी और सिंहस्थ को देखते हुए नए एसटीपी का प्रविधान भी बजट में किया जा रहा है।
मंगलवार को पेश होने वाले बजट की विशेषता यह है कि इसमें नए काम के बजाय पुराने काम पर जोर दिया गया है। सभापति मुन्नालाल यादव की अध्यक्षता में होेने वाले बजट सम्मेलन में दो दर्जन से ज्यादा प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा।
हर बार की तरह इस बार भी बजट सम्मेलन दो दिन का होगा। मंगलवार को महापौर पुष्यमित्र भार्गव बजट प्रस्तुत करेंगे जबकि बुधवार को इस पर बहस होगी। भाजपा ने इस बार बजट पर अपनी बात रखने की जिम्मेदारी पार्षदों को सौंपी है। उन्हें पहले ही बता दिया गया है कि किस विषय पर क्या बात रखना है।
निगमायुक्त क्षितिज सिंघल और महापौर परिषद सदस्य राजेंद्र राठौर ने बजट से पहले सोमवार को नगर निगम के अटल परिषद भवन का निरीक्षण किया गया। उन्होंने बजट बैठक को देखते हुए परिषद सदस्यों की बैठक व्यवस्था, आगामी कार्रवाई, साउंड व्यवस्था संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी जाएं।