नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। नईदुनिया की खबर पर मुहर लगाते हुए नगर निगम ने सोमवार को एडवांस कर जमा करने की तारीख एक माह आगे बढ़ाने के संबंध में विज्ञप्ति जारी कर दी। नईदुनिया ने 28 जून के अंक में ही महापौर पुष्यमित्र भार्गव के हवाले से पाठकों को यह जानकारी दे दी थी कि अब 31 जुलाई तक एडवांस कर करने वालों को संपत्तिकर में सवा छह और जलकर में छह प्रतिशत की छूट मिलेगी और अवकाश के दिनों में भी करों का भुगतान किया जा सकेगा। शनिवार, रविवार को भी निगम के कैश काउंटर खुले रहेंगे।
नगर निगम प्रतिवर्ष 30 जून तक एडवांस कर जमा करने वालों को संपत्तिकर और जलकर में छूट देता है। इस वर्ष भी एडवांस कर जमा कर छूट पाने की अंतिम तिथि 30 जून ही थी, लेकिन पोर्टल की गड़बड़ी की वजह से लोग करों का भुगतान नहीं कर पा रहे थे।
आमजन की समस्या को लेकर नईदुनिया ने प्रमुखता से खबरें प्रकाशित की थी। महापौर भार्गव ने नईदुनिया से चर्चा में एडवांस कर जमा करने की अंतिम तिथि 30 जून से बढ़ाकर 31 जुलाई करने की बात कही थी। नईदुनिया के 28 जून के अंक में यह खबर प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद सोमवार को नगर निगम ने इस संबंध में विज्ञप्ति जारी कर दी।
निगम के खाते में 30 जून 2025 सोमवार को 21 करोड़ रुपये राजस्व जमा हुआ। इसमें संपत्तिकर, जलकर और कचरा संग्रहण कर शामिल है। अपर आयुक्त राजस्व एनएन पांडे के मुताबिक इस वित्तीय वर्ष में नगर निगम को अब तक 125 करोड़ रुपये से अधिक राजस्व मिल चुका है। इसमें संपत्तिकर जलकर और कचरा संग्रहण शुल्क शामिल है। शहर में पांच लाख से ज्यादा संपत्तियां हैं। अब तक 80 हजार से ज्यादा लोग अपने संपत्ति कर का एडवांस भुगतान कर चुके हैं।