Indore News: करौली में हुई घटना पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कांग्रेस को घेरा, कहा- राजस्थान दुष्कर्म में नंबर वन
भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता व पूर्व मंत्री अर्चना चिटनिस ने राजस्थान के करौली में हुई दुष्कर्म की घटना पर कांग्रेस को आड़े हाथ लिया।
By Nai Dunia News Network
Edited By: Nai Dunia News Network
Publish Date: Sat, 15 Jul 2023 07:25:11 PM (IST)
Updated Date: Sat, 15 Jul 2023 08:23:21 PM (IST)

बुरहानपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि) । राजस्थान में सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार की नाकामी के कारण वहां बेटियां हैवानियत का शिकार हो रही हैं। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी अपने ही दल में महिलाओं को सम्मान और राजस्थान में सुरक्षा दे पाने में असमर्थ हैं। यह आरोप शनिवार को भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता व पूर्व मंत्री अर्चना चिटनिस ने राजस्थान के करौली में हुई दुष्कर्म की घटना पर कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए कही है।
भाजपा ने अर्चना चिटनिस को राजस्थान के चार जिलों वाले क्लस्टर का प्रभारी नियुक्त किया है। उन्होंने कहा कि श्योपुर में जीतू पटवारी की मौजूदगी में कांग्रेस नेत्री संध्या कुशवाहा ने भरे मंच से पार्टी में महिलाओं के साथ हो रहे भेदभाव को बताया था।
चिटनिस ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की मानसिकता हमेशा से महिला विरोधी रही है। उन्होंने का कि लड़की हूं लड़ सकती हूं यह नारा देने वाली प्रियंका गांधी अपने दल में महिलाओं को सम्मान दिलाने के लिए कब लड़ेंगी।
राजस्थान दुष्कर्म के मामले में सबसे आगे
अर्चना चिटनिस ने कहा कि नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो की रिपोर्ट में राजस्थान पूरे देश में दुष्कर्म के मामले में सबसे आगे है। रिपोर्ट के मुताबिक 2021 में राजस्थान में कुल 6337 दुष्कर्म के प्रकरण सामने आए, जो साल 2020 के 5310 के मुकाबले एक हजार ज्यादा थे। वर्ष 2020 और 2021 में अन्य राज्यों की तुलना में राजस्थान रेप के मामले में आगे रहा है। इससे पता चलता है कि महिलाओं की सुरक्षा की दुहाई देनी वाली राजस्थान की कांग्रेस सरकार महिलाओं के प्रति कितनी लापरवाह है। उन्होंने कहा कि प्रियंका जी ग्वालियर में राजनीति फिर कभी कर लेना, अभी तो राजस्थान के करौली जाकर दलित बेटी के माता-पिता से मिलकर माफी मांगो।