
Indore News: इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। राजा रामन्ना प्रगत प्रौद्योगिकी केंद्र (आरआरकेट) इंदौर का स्थापना दिवस समारोह 20 फरवरी को मनाया जाएगा। भारत सरकार के परमाणु ऊर्जा आयोग के अध्यक्ष एवं परमाणु ऊर्जा विभाग के सचिव केएन व्यास कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। विशिष्ट अतिथि वीआइटी भोपाल के कुलपति डा. यू. कमाची मुदली रहेंगे।
कार्यक्रम में आरआरकेट द्वारा तैयार की गई विभिन्न तकनीकी को उद्योगों को हस्तांतरण किया जाएगा। आरआरकेट के निदेशक डा. शंकर वी. नाखे संस्थान द्वारा एक वर्ष में किए गए कार्यों के बारे में जानकारी देंगे। कार्यक्रम में आरआरकेट के संगोठी समिति के अध्यक्ष डा. एसके मजूमदार, आरआरकेट के पीएजी के निदेशक पुरुषोत्तम श्रीवास्तव और संस्थान के सभी सदस्य और विद्यार्थी शामिल होंगे। कार्यक्रम राजेंद्र नगर स्थित संस्थान परिसर में सुबह 9.30 बजे से शुरू होगा।
भारत के पूर्व राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह ने 19 फरवरी 1984 को केंद्र की आधारशिला रखी थी। प्रयोगशालाओं तथा घरों का निर्माण मई 1984 में प्रारंभ हुआ था। भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र मुंबई से वैज्ञानिकों का पहला दल जून 1986 में आया और वैज्ञानिक गतिविधियां शुरू की गईं थी। तब से केंद्र लेसर, त्वरक और उनके अनुप्रयोगों में अनुसंधान एवं विकास के लिए एक प्रमुख संस्थान के रूप में तेजी से विकसित हुआ है। संस्थान 760 हेक्टेयर के स्थल पर फैला हुआ है। परिसर में प्रयोगशालाओं, स्टाफ हाउसिंग कॉलोनी और अन्य बुनियादी सुविधाएं जैसे स्कूल, खेलकूद सुविधाएं, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, उद्यान आदि शामिल हैं।