
Indore News नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर में झगड़े-मारपीट सुलझाने वाली डायल-100 के पायलट और जोनल ही आपस में झगड़ लिए। एक-दूसरे को अपशब्द कहे और देख लेने की धमकी देने लगे। विवाद के बाद मामला थाने तक जा पहुंचा और एफआईआर तक दर्ज करवाना पड़ी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मामला विजयनगर थाना क्षेत्र स्थित की डायल-100 का है। जोनल इंचार्ज (इंदौर-उज्जैन) योगेश कुमार श्रीवास्तव निवासी गोकुल नगर ने पायलट अजय बसवार निवासी न्यू देवास रोड़ के खिलाफ केस दर्ज करवाया है।
योगेश के मुताबिक अजय रसोमा चौराहा स्थित डायल-100 का पायलट है। बुधवार को वह दोपहर को ड्यूटी पर आ गया था। शाम को उसे ड्यूटी से लौटना था। उसने 7:30 बजे कॉल कर कहा कि पायलट की व्यवस्था की जाए, लेकिन पायलट पहुंचाने में देरी हो रही थी। अजय ने कहा कि मैं गाड़ी ऑफ रोड़ कर थाने में रिपोर्ट कर दूंगा। दोनों में इस बात पर विवाद हुआ और गाली देने लगा। योगेश ने गुरुवार को थाने में रिपोर्ट की और अजय के खिलाफ केस दर्ज करवाया।