
Indore News: इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। नईदुनिया में राजबाड़ा क्षेत्र में दुकानदारों द्वारा फुटपाथ पर अतिक्रमण करने की खबर प्रकाशित होने के बाद नींद से जागे नगर निगम के रिमूवल विभाग ने बुधवार को क्षेत्र में अतिक्रमणरोधी कार्रवाई की।
Indore News: राजबाड़ा क्षेत्र में फुटपाथ हुआ अतिक्रमण मुक्त, निगम टीम ने तीन ट्रक सामान जब्त किया#mpnews #indorenews #Naidunia https://t.co/KaX4GSdfuh pic.twitter.com/FLfzp60P9Y
— NaiDunia (@Nai_Dunia) May 17, 2023
करीब दो घंटे चली कार्रवाई में तीन ट्रक सामान जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ जगह विवाद की स्थिति भी बनी। कार्रवाई के तुरंत बाद क्षेत्र में मुनादी भी कराई गई कि भविष्य में फुटपाथ पर सामान मिला तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि नईदुनिया ने अपने अभियान फुटपाथ हमारा है के तहत बुधवार के अंक में निगम मुख्यालय से चंद कदम दूर स्थित बाजारों की स्थिति दिखाते हुए खबर प्रकाशित की थी।

इसमें बताया था कि राजबाड़ा, शिवाजी मार्केट, चिकमंगलूर चौराहा आदि क्षेत्र में निगम की नाक के नीचे फुटपाथ पर अतिक्रमण हो रहा है और कोई कार्रवाई नहीं होती। खबर प्रकाशित होने के बाद बुधवार दोपहर निगम की टीम अलग-अलग क्षेत्र में कार्रवाई करने निकली।
सहायक रिमूवल अधिकारी बबलू कल्याणे, राजबाड़ा क्षेत्र सुपरवाइजर सन्नी पांडे, अनिल शर्मा ने बताया कि राजबाड़ा, महालक्ष्मी मंदिर, एमजी रोड़, शिवाजी मार्केट, चिकमंगलूर चौराहा, दरगाह चौराहा आदि जगह कार्रवाई हुई। दुकानदारों ने सड़क पर ही कपड़े, कूलर, पंखे, लोहे का सामान रखा हुआ था। इसे जब्त कर लिया गया है।
महाराजा काम्प्लेक्स में भी हुई कार्रवाई
नगर निगम की टीम ने महाराजा काम्प्लेक्स में भी रिमूवल कार्रवाई की। कल्याणे ने बताया कि यहां दुकानदारों ने बेसमेंट में सामान भर रखा था। इसे हटवाया गया है। दुकानदारों को चेतावनी दी गई है कि भविष्य में अतिक्रमण मिला तो सामान जब्त कर लिया जाएगा।