
Indore News: नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। जैतपुरा क्षेत्र में रात के अंधेरे में अवैध खोदाई की जा रही थी। शिकायत मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और अवैध खनन करते पाए जाने पर एक पोकलेन को जब्त कर लिया। गत दिनों आसपास के रहवासियों की शिकायत के बाद प्रशासन ने यहां खोदाई को बंद करवा दिया था। इसके बाद भी रात के अंधेरे में खोदाई की जा रही थी।

सूचना पर प्रशासन ने रात में ही दबिश देकर खोदाई कर रही पोकलेन को जब्त कर लिया।
जैतपुरा की पहाड़ी पर खनन के लिए की जाने वाली ब्लास्टिंग से आसपास बनी कालोनियों के घरों में दरारें पड़ रही हैं। इसकी शिकायत गत दिनों सिद्धि विनायक विहार रहवासी संघ ने की थी। इसके बाद प्रशासन ने जांच कराई तो सामने आया कि चार हेक्टेयर में खोदाई का लाइसेंस दिया गया था। यहां अनुमति से अधिक करीब 10 हेक्टयेर भूमि की खोदाई कर दी गई।
यह भी सामने आया कि जिस ठेकेदार को अनुमति मिली, उसके अलावा अन्य ठेकेदारों ने अवैध खोदाई शुरू कर दी। इसकी शिकायत पूर्व ठेकेदार ने की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अन्य ठेकेदारों द्वारा ब्लास्टिंग कर पहाड़ी खोदी जा रही है। खनन निरीक्षक जयदीप नामदेव का कहना है कि रात तीन बजे टीम ने दबिश दी है। एक पोकलेन मशीन जब्त की गई है।
एडीएम गौरव बैनल का कहना है कि माधव इन्फ्रास्ट्रक्चर को अमलीखेड़ा स्थित खसरे पर खोदाई की अनुमति मिली थी। यहां अनुमति से अधिक खनन कर दिया गया। इस मामले में पहले भी ठेकेदार ने शिकायत की थी। इसके आधार पर कार्रवाई की गई है। रात में अवैध खोदाई करने वाले जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।
जैतपुरा क्षेत्र में पहाडी पर ब्लास्टिंग के कारण आसपास की कालोनियों के घरों की दीवारों में दरारों की शिकायत कलेक्टर जनसुनवाई में की गई थी। शिकायत के बाद अपर कलेक्टर गौरव बैनल ने एसडीएम को मौके पर भेज कर जांच कराई थी। इसके बाद पूरे क्षेत्र की खदानों पर रोक लगा दी गई थी। इसके बाद भी ठेकेदार अवैध खोदाई का काम कर रहे थे।