
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। शहर के छोटा बांगड़दा स्थित श्मशान में अंतिम संस्कार के बाद शव पूरी तरह नहीं जलने का मामला सामने आया है। मंगलवार सुबह श्मशान पहुंचे परिवार के सदस्यों को शव का कुछ हिस्सा अधजली स्थिति में मिला। इसके बाद परिजनों ने लकड़ी और कंडे की मदद से दोबारा अंतिम संस्कार किया।
परिवार के सदस्यों के अनुसार, सोमवार शाम को श्मशान में एक व्यक्ति का अंतिम संस्कार किया गया था। उस दौरान वहां मौजूद निगम कर्मचारी से शव को पूरी तरह जलाने के लिए अधिक लकड़ी और कंडे देने की मांग की गई थी। परिजनों का आरोप है कि कर्मचारी ने अतिरिक्त लकड़ी और कंडे उपलब्ध नहीं कराए।
परिजनों का कहना है कि मंगलवार सुबह जब वे दोबारा श्मशान पहुंचे तो उन्हें शव का सिर और धड़ का हिस्सा अधजली अवस्था में मिला। यह देखकर उन्होंने फिर से लकड़ी और कंडे की व्यवस्था की और अधजले हिस्से का दोबारा अंतिम संस्कार किया। परिजनों ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए अंतिम संस्कार की व्यवस्था में पर्याप्त लकड़ी और कंडे उपलब्ध कराने की मांग की है।