
Indore News : इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। कैंसर और कोलेस्ट्रोल जैसी गंभीर बीमारियों पर अनुसंधान करने आए 36 वर्षीय वरिष्ठ विज्ञानी डा. ब्रजगौरव पुत्र राधेश्याम शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। टीआइ रवींद्रसिंह गुर्जर के मुताबिक डा. शर्मा मूलत: नरहोली बलदेव मथुरा (उप्र) के रहने वाले थे और गुड़गांव की एनबीआइ लाइफ साइंस कंपनी में जनरल मैनेजर थे।
जड़ी-बूटियों को लेकर अनुसंधान करने में माहिर डा. शर्मा 3 नवंबर को इंदौर आए थे। वे एक अनुबंध के तहत सांवेर रोड स्थित गुर्जर फायटोकेम प्रालि लैब में कैंसर, कोलेस्ट्रोल और डायबिटीज जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए जड़ी-बूटियों पर अनुसंधान कर रहे थे। कुछ दिन तक साउथ तुकोगंज की कंचन होटल में रुकने के बाद वे विजय नगर की अशोका होटल में रहने चले गए।
शुक्रवार को उन्हें उल्टी-दस्त की शिकायत हुई। शनिवार रात लैब संचालक रवींद्रसिंह मंडलोई और वीरेंद्रसिंह मिलने पहुंचे तो उनकी तबीयत ज्यादा खराब लगी। रवींद्र उन्हें जंजीरावाला चौराहा स्थित शेल्बी अस्पताल ले गए, लेकिन डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रवींद्र के मुताबिक डाक्टर ने सीपीआर देकर बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे रास्ते में ही ब्रेनडेड हो चुके थे। सूचना मिलते ही भाभी कमला और सुनामिका इंदौर पहुंची। रविवार दोपहर पोस्ट मार्टम करवाया गया। रवींद्र के मुताबिक डा. शर्मा दो दिन से सुस्त थे। उनकी पल्स भी ज्यादा थी। जिद करके दूध पिलाया। स्थिति देखकर वे खुद अस्पताल लेकर गए थे।
डीआरडीओ में भी कर चुके थे अनुसंधान
भाई मनोज शर्मा के मुताबिक डा. शर्मा मुख्यत: हर्बल उत्पादों पर अनुसंधान करते थे। विदेश में पाई जाने वाली जड़ी-बूटियां कैंसर, कोलेस्ट्रोल और डायबिटीज में कैसे कारगर हो सकती हैं, इसे लेकर परीक्षण कर रहे थे। रेड राइस ईस्ट पर भी अनुसंधान चल रहा था। उन्होंने रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) में भी काफी काम किया था। सैन्य अफसरों के साथ जीरो डिग्री तापमान में कैसे दही जमाया जा सकता है, इस पर भी अनुसंधान कियाा था। उन्हें तमिलनाडु के राज्यपाल सर्वोच्च उपाधि दे चुके हैं। टीआइ गुर्जर के मुताबिक शक है डा. शर्मा की फूड पाइजनिंग के कारण मौत हुई।
Indore News : इंदौर के होटल में साइंटिस्ट की संदिग्ध मौत#Indore #MadhyaPradesh #MPNews https://t.co/WY8Xhh6S51 pic.twitter.com/53qSGQOVOu
— NaiDunia (@Nai_Dunia) November 13, 2022
कारोबारी की आत्महत्या में दो लोगों पर केस दर्ज
इंदौर। दिव्य विहार सांवेर रोड निवासी 45 वर्षीय रामनिवास भगवानलाल ओझा की आत्महत्या के मामले में आबिद उर्फ बबलू और याकूब के खिलाफ केस दर्ज किया है। बाणगंगा पुलिस के मुताबिक, रामनिवास का बाणगंगा में हाइड्रोलिक मशीनों का कारखाना था। उन्होंने आबिद और याकूब से मशीन के पेटे पेमेंट ले लिया था। समय पर मशीन न बनाने के कारण ग्राहक उस पर दबाव बना रहे थे। पुलिस ने रामनिवास की पत्नी निशा के कथनों के आधार पर शुक्रवार को केस दर्ज कर लिया।
बस की डिक्की से लाखों रुपयों की चांदी चोरी
इंदौर। सराफा व्यापारियों की लाखों रुपये की चांदी चोरी होने का मामला सामने आया है। छत्रीपुरा थाना पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ हेराफेरी का केस दर्ज किया है। टीआइ पवन सिंघल के मुताबिक खजूरी बाजार मोरसली गली निवासी सुभाषचंद्र पुत्र विठ्ठलदास भंडारी की शिकायत पर आरोपित मुकेश, रघुवीर शर्मा और रोहित के खिलाफ केस दर्ज किया है। 19 अक्टूबर को सराफा के 7 कारोबारियों ने गंगवाल बस स्टैंड से गुजरात जाने वाली बस से पौने तीन किलो चांदी के बाक्स राजकोट के लिए रवाना किए थे। रास्ते में चांदी व कुछ अन्य सामान चोरी हो गया। बस मालिक ने भी इसकी पुष्टि की और थाना में शिकायत कर चालक, कंडक्टर के खिलाफ केस दर्ज करवा दिया।