
इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि,Indore News। रेत कारोबारियों ने गुरुवार आधी रात से काम बंद कर हड़ताल पर जाने का ऐलान कर दिया है। इंदौर के साथ ही देवास के रेत कारोबारी भी हड़ताल में शामिल हो रहे हैं। बीते दिनों से प्रशासन द्वारा की जा रही मनमानी कार्रवाई को रेत कारोबारियों ने हड़ताल पर जाने की वजह करार दिया है।
इंदौर रेत मंडी व्यापारी एसोसिएशन ने रात 12 बजे से रेत की आपूर्ति बंद करने का निर्णय लिया है। व्यापारी एसोसिएशन के सचिव मनीष अजमेरा के अनुसार प्रशासन और पुलिस लगातार व्यापारियों और ट्रांसपोर्टरों को परेशान कर रहा है। ओवर लोड व अवैध खनन के नाम पर गाड़ियों को रास्ते में रोक कर धारा 379 में प्रकरण दर्ज किए जा रहे हैं जबकि कार्रवाई खदान मालिकों पर होनी चाहिए। ट्रांसपोर्टर्स को बेवजह निशाना बनाया जा रहा है। एसोसिएशन के अनुसार भोपाल और होशंगाबाद के रेत कारोबारी पहले ही हड़ताल पर जा चुके हैं।
अब इंदौर देवास के बाद जल्द ही आलीराजपुर, धार व अन्य जिलों के रेत कारोबारी भी हड़ताल पर जाएंगे। कारोबारियों की हड़ताल का असर रेत की कीमतों पर पड़ता दिख रहा है। बीते दिनों से रेत की कीमतें डेढ़ गुनी हो गई हैं। आने वाले दिनों में कीमतों में और तेजी का अंदेशा है। मालूम हो कि इंदौर से ही आसपास के क्षेत्रों में रेत की आपूर्ति होती है। कई जगह कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा है। ऐसे में रेत नहीं मिलने से कंस्ट्रक्शन का काम तो बाधित होगा। साथ ही मजदूरों के सामने भी आर्थिक परेशानी खड़ी हो जाएगी।