
Indore News : इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर ने अपने जीवन काल में मानव सेवा कार्यों के साथ राष्ट्र के प्रति भी समर्पण का भाव रखा। उनके द्वारा किए गए सेवा कार्य आज भी जनमानस के दिलों में बसे हैं। राठौर समाज अपने आराध्य देव राष्ट्रवीर दुर्गादास द्वारा किए गए राष्ट्रहित व मानव सेवा कार्यों में किए गए योगदान को कभी नहीं भूल सकता। राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर का नाम इतिहास के पन्नों पर ही नहीं वरन सभी समाज बंधुओं की जुबान पर भी है। उनके द्वारा समाजहित, राष्ट्रहित व मानव सेवा में किए गए कार्यों को युग-युग तक नहीं भुलाया जा सकता।
ये बातें अतिथियों ने इंदौर के गोपुर चौराहा स्थित राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर की 385वीं जन्म जयंती पर कही। वे राठौर समाज बंधुओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दुर्गादास राठौर के कार्यों के साथ-साथ उनके बलिदान को याद किया। सकल पंच राठौर समाज अध्यक्ष मनोज राठौर (तेली), मीडिया प्रभारी अमित बोड़ाने ने बताया कि राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर की जन्म जयंती के उपलक्ष्य में शनिवार को वाहन रैली व चल समारोह निकाला गया। अन्नपूर्णा मंदिर से प्रारंभ वाहन रैली व चल समारोह में सैकड़ों समाज बंधु बैंडबाजों की स्वरलहरियों पर नाचते-झूमते शामिल हुए थे। जहां एक ओर देशभक्ति के गीतों से पूरा क्षेत्र गूंजता नजर आया तो वहीं पुरुष श्वेत वस्त्र एवं महिलाएं केशरिया परिधान में नजर आई।
समाज ने हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत भी की - दुर्गादास राठौर की जन्म जयंती पर राठौर समाज ने हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत भी इस अवसर पर की। इसमें पुरुषों और युवाओं के साथ-साथ महिलाएं और युवतियां भी अपने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता के जयकारे लगाते हुए मार्ग में चल रही थी। महिलाओं ने आने-जाने वाले राहगीरों के साथ-साथ व्यापारी वर्ग को भी हर घर तिरंगा अभियान के लिए प्रेरित किया। अन्नपूर्णा मंदिर से प्रारंभ वाहन रैली विभिन्न मार्ग से होते हुए गोपुर चौराहा स्थित दुर्गादास राठौर की प्रतिमा स्थल पहुंची जहां माल्यार्पण व दीप प्रज्जवलन कर इस कार्यक्रम का समापन हुआ। दुर्गादास राठौर की जन्म जयंती पर महापौर पुष्पयमित्र भार्गव, मीता रामबाबू राठौर, बबलू शर्मा, मंजूश्री बोड़ाने, मालती डागोर, रतनसिंह राठौर, हरीश राठौर, विजय राठौर, संजय राठौर (अध्यक्ष) आदि शामिल हुए।
रक्तदान शिविर भी लगाया - राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर की जन्म जयंती पर सकल पंच राठौर समाज युवा संगठन ने जहां वाहन रैली निकाली वहीं युवती संगठन ने समाजवादी इंदिरा नगर में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। वाहन रैली आयोजक युवा संगठन अध्यक्ष चेतना राठौर एवं रक्तदान शिविर आयोजक युवती संगठन अध्यक्ष ऐश्वर्या राठौर ने किया था।