Indore News : बस्तियों में पहुंची महिला थाना पुलिस, बच्चियों को समझाया गुड टच बेड टच
पुलिस मुख्यालय के एहसास अभियान के तहत लालबाग बस्ती में बच्चियों के बीच पहुंची महिला पुलिस टीम। परिवार के सदस्य की तरह दी जानकारी।
By Hemraj Yadav
Edited By: Hemraj Yadav
Publish Date: Mon, 30 May 2022 02:01:00 PM (IST)
Updated Date: Mon, 30 May 2022 02:01:58 PM (IST)

इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। इंदौर में महिला थाना की पुलिस बस्तियों में पहुंची और वहां की बच्चियों को गुड टच बेड टच के बारे में समझाया। पुलिस ने यह भी समझाया कि यदि कोई उन्हें गलत तरीके से छूटा तो अपने माता-पिता को यह बात बताएं। इसके बाद पुलिस उस अपराधी को सजा देगी।
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अभियान एहसास के अंतर्गत वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में इंदौर महिला थाना की टीम बस्तियों में पहुंची। इस टीम में उप निरीक्षक दुर्गा सूर्यवंशी, आरक्षक वंदना, सीमा, सपना शामिल थी। टीम पहले लालबाग के पास बस्ती में पहुंची। टीम के साथ होमगार्ड सैनिक संजय सांवरे भी थे, जो बस्ती में छोटी बच्चियों और बच्चों को पढ़ाते हैं। पुलिस टीम ने पांच साल से 12 साल की उम्र तक की बच्चियों के साथ पारिवारिक होकर मधुरता के साथ घुल मिलकर बातचीत की।
अनजान व्यक्तियों की बातों में न आएं - पुलिस टीम ने बच्चियों को गुड टच बेड टच क्या होता है, इसके बारे में पूरी जानकारी दी। उन्हें बहुत ही आसान शब्दों में हर एक बात को उनकी भाषा में उनकी समझ के अनुसार बताया गया। बच्चियों को बताया गया कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति की गलत बातों में नहीं आना है और किसी पर भी अत्यधिक विश्वास नहीं करना है। कोई भी यदि गलत फायदा उठाता है तो स्कूल में टीचर को और घर में मां से सारी बातों को बताना है।
युवक का मोबाइल छीनकर भागे बदमाश
इंदौर। भंवरकुआं थाना क्षेत्र में बदमाश एक युवक से मोबाइल छीनकर भाग गए। पुलिस के मुताबिक फरियादी आकाश शर्मा 24 साल निवासी अंबिकापुरी है। घटना 28 मई की रात करीब 11 बजे की है। फरियादी पैदल अपने मोबाइल पर बात करते हुए जा रहा था। तभी कैलू के ढाबे के सामने रिंग रोड पर बाइक सवार दो व्यक्ति आए और फरियादी का मोबाइल झपट्टा मारकर ले भागे।