
डिजिटल डेस्क। स्वच्छता के मामले में देशभर में अपनी अलग पहचान बना चुका इंदौर शहर अब पर्यावरण संरक्षण के लिए भी मिसाल पेश कर रहा है। स्वस्थ जीवन और प्रदूषण मुक्त आबोहवा के संदेश के साथ शहर में मंगलवार को 'नो कार डे' (No Car Day) मनाया जा रहा है।
लगातार तीसरे साल आयोजित हो रहे इस खास अभियान के तहत, महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे आज के दिन अपनी निजी कारों का इस्तेमाल न करें और इसकी जगह आवागमन के लिए सिटी बस, ई-रिक्शा, साइकिल का उपयोग करें या फिर पैदल चलें।
महापौर भार्गव ने स्पष्ट किया कि यह महज एक दिन कार न चलाने की बात नहीं है, बल्कि यह स्वच्छ हवा, कम प्रदूषण, बेहतर यातायात और स्वस्थ जीवन के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी का एक बड़ा संदेश है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इंदौर ने हमेशा जनभागीदारी के दम पर ही स्वच्छता और जन-जागरूकता के क्षेत्र में अपनी एक अलग और मजबूत पहचान बनाई है।
महापौर ने कहा कि ये सकारात्मक आंकड़े इस बात का सबूत हैं कि जब पूरा शहर एकजुट होकर कोई छोटा सा भी सामूहिक संकल्प लेता है, तो उसका असर बहुत व्यापक होता है। उन्होंने शहरवासियों से खास आग्रह किया है कि वे इस पर्यावरण हितैषी अभियान में न सिर्फ खुद हिस्सा लें, बल्कि अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी इससे जोड़ें।