
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। हीरानगर इलाके में सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों का माल उड़ाने वाले तीन आरोपितों को पकड़ा है। वारदात कर आरोपित 1000 किलोमीटर दूर खाटूश्याम (राजस्थान) भागे थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से पीछा किया और तीनों को पकड़ लिया। टीआई सुशील पटेल के अनुसार 18 अगस्त को क्षेत्र में चोरी की वारदात हुई थी।
बदमाश अलमारी से सोने-चांदी के जेवर और नकदी ले गए थे। पुलिस ने क्षेत्र और आसपास के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और आरोपितों की गतिविधियों का पीछा करते हुए राजस्थान तक पहुंची। पुलिस ने आरोपित दीपक कौशल, प्रवेश उर्फ छोटू मालवीय और करण अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों से 2.85 लाख रुपये नकद और करीब 7.47 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए गए।
शासकीय रेलवे पुलिस (डीआरपी) ने मोबाइल और चेन लूटने वाले बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपित से पूछताछ चल रही है। दुर्ग (छत्तीसगढ़) निवासी रंजीत के साथ लूट की घटना हुई थी। रंजीत नागपुर-अंबेडकर नगर एक्सप्रेस से यात्रा कर रहा था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित प्रिंस शर्मा उर्फ कुल्ला, निवासी कल्याण मंदिर, कछियाना, लार्डगंज, जबलपुर को गिरफ्तार कर लिया।
तेजाजी नगर थाना अंतर्गत कार सवार ने बाइक सवार की जान ले ली। पुलिस के अनुसार घटना पत्थर मुंडला क्षेत्र की है। मृतक की पहचान 24 वर्षीय रोहन पुत्र गुड्डन निवासी धरमपुरी (धार) के रूप में हुई है। रोहन गुरुवार रात बाइक से जा रहा था। मोड़ पर तेज रफ्तार में कार आई व बाइक को चपेट में ले लिया। फिर चालक कार छोड़कर फरार हो गया। रोहन किराना दुकान पर काम करता था।