
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। पुलिस पर अभद्रता और घूसखोरी का आरोप लगाने वाले मॉडल कपिल खादीवाला को कनाड़िया पुलिस ने नोटिस भेजा है। आरोपों के संबंध में सबूत और शिकायत का आधार मांगा है। माडल का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ था। करीब पौने पांच मिनट के वीडियो में कपिल ने कहा कि उन्होंने साल 2024 में एक फिल्म की शूटिंग की थी। उस वक्त अनुमति में पुलिस ने बहुत परेशान किया।
हाल में ही वेब सीरीज के लिए शूटिंग टीम लेकर आया था। उसमें एक्टर इशा तलवार भी साथ में थी। इसकी अनुमति के लिए कमिश्नर कार्यालय, एसीपी और थाने में चक्कर लगाने पड़े। अनुमति लेने पर पूरी यूनिट कनाड़िया क्षेत्र में एक कैफे पर शूटिंग कर रही थी तो कनाड़िया थाने से पुलिसवाले आ गए। उन्होंने अभद्रता की और रुपयों की मांग की। अनुमति बताने पर भी पुलिसकर्मियों ने शूटिंग बंद करवा दी।
परेशान होकर यूनिट ने शूटिंग बंद कर दी। इस शूटिंग से शहर के लोगों को जॉब मिलता। होटल, केटरिंग, टैक्सी वालों को रोजगार मिलता। शूटिंग के लिए लोगों की आवश्यकता पड़ती तो उन्हें भी आमदनी मिलती। पुलिस ने इस बार भी अनुमति में भी बहुत परेशान किया और चोरों की तरह सवाल किए। शूटिंग के वक्त पुलिसवालों ने प्रोडक्शन वालों को साइड में ले जाकर रुपये मांगे।
कपिल ने कहा उन्होंने कमिश्नर से मिलने का प्रयास किया लेकिन समय नहीं दिया। उनकी सलमान खान से तुलना की। कपिल ने वीडियो मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव और कलेक्टर, एसपी सहित अन्य को देखने की गुहार लगाई है। वीडियो सामने आने के बाद कनाड़िया पुलिस ने नोटिस जारी कर आरोपों के प्रमाण मांगे हैं। एसीपी आशीष पटेल ने नोटिस की पुष्टि की है।