
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर शहर में इस मानसून सीजन में अब तक औसत से 65.4 मिमी कम बारिश (Indore Rain Update) दर्ज की गई है। जून-जुलाई में शहर में 378.8 मिमी वर्षा हुई, जबकि सामान्य 444.2 मिमी होनी चाहिए थी। अब अगस्त में होने वाली बारिश से कमी की भरपाई की उम्मीद है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार अगस्त में मध्य भारत सहित पश्चिम मध्य प्रदेश में सामान्य से अधिक बारिश की संभावना है। इसके चलते इंदौर में भी बारिश के दिन बढ़ेंगे। अगस्त के शुरुआती तीन-चार दिन रुक-रुक कर हल्की बारिश (Indore Ka Mausam) होगी। दिन में धूप और बादल का दौर रहेगा। सप्ताह के अंत तक बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
इंदौर जिले की बात करें तो यहां जून-जुलाई में 425.2 मिमी बारिश हो चुकी है, जो औसत से चार मिमी अधिक है। जिले की अन्य तहसीलों में अच्छी बारिश होने से जिले का कोटा पूरा हो गया है। शुक्रवार को शहर में रुक-रुक कर बारिश हुई। एयरपोर्ट क्षेत्र में 4.5 मिमी बारिश दर्ज की गई और रीगल क्षेत्र में रात 10 बजे तक 15 मिमी. बारिश दर्ज हुई।

यह भी पढ़ें : इंदौर में बरसेंगे बादल, धार, झाबुआ, अलीराजपुर और रतलाम में भारी बारिश की चेतावनी