
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में दो वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। बच्ची पिता और मां के साथ घर लौट रही थी। अचानक जानवर आ गया और बाइक फिसल गई। बच्ची की गहरी चोट लगने से मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार हिम्मत नगर पालदा निवासी बंशीलाल रावत पत्नी रिंकी और दो बेटी परिधा व दो वर्षीय बेटी के साथ घर लौट रहा था। वह राखी मनाने रायकोन सिटी गया था। लौटने के दौरान बाइक के सामने अचानक जानवर आ गया था। बंशीलाल ने जानवर को बचाने की कोशिश की पर बाइक फिसल गई और चारों गिर गए।
बंशीलाल, रिंकी और परिधा को हाथ, घुटने में चोट लगी, लेकिन दो वर्षीय आयमा को सिर में गहरी चोट लगी थी। उसको तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। बंशीलाल उदय नगर का है। उसने बताया कि आयमा का रविवार को जन्मदिन था। वह दो वर्ष की हो गई थी।