नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर नगर निगम के आठ हजार से ज्यादा सफाई मित्र गोगा नवमी के अगले दिन यानी आज अवकाश पर हैं। आज शहर की सफाई व्यवस्था जनप्रतिनिधि, रहवासी संघ, सामाजिक संगठन आदि संभाल रहे हैं।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि शहर के विभिन्न स्थानों पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न संगठन, रहवासियों के साथ-साथ निगम अधिकारियों द्वारा अपने-अपने जोन और वार्ड क्षेत्र में स्वच्छाग्रही जनभागीदारी अभियान चलाया गया है। महापौर भार्गव और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने खुद सुबह सात बजे इस अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि सफाई मित्र पूरे वर्ष मौसम की परवाह किए बगैर हमेशा मैदान में रहते हैं।
यह हमारा दायित्व है कि जिस दिन उनकी छुट्टी है उस दिन भी हम इंदौर को साफ-स्वच्छ बनाए रखें। विभिन्न स्थानों पर क्षेत्रीय विधायकगण, पार्षद, नागरिक, जनप्रतिनिधियों के साथ रहवासी संगठन, सामाजिक संगठन, धार्मिक संगठन, बैंकिग संगठन, मार्केट एसोसिएशन, स्वयंसेवक संघ, एनजीओ आदि अभियान में शामिल हो रहे हैं।
नगर निगम के सफाई मित्रों को हर वर्ष गोगा नवमी के अगले दिन अवकाश दिया जाता है। यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है। जिस दिन सफाई मित्र अवकाश पर रहते हैं उस दिन भी शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित नहीं होती। ऐसा इसलिए क्योंकि इस दिन जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक संगठन, रहवासी संघ इत्यादि सफाई व्यवस्था संभालते हैं।