
Indore Sports : इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। श्रीनगर में संपन्न 28वीं राष्ट्रीय वेटरंस टेबल टेनिस प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश के इंद्रेश पुरोहित ने 75 प्लस वर्ग में सिंगल और टीम इवेंट के ख़िताब जीते। सिंगल्स के फाइनल में पुरोहित ने मप्र के ही आरपी मालवीय को 3-1 से पराजित किया। इसके पूर्व संघर्षपूर्ण सेमीफाइनल में तमिलनाडु के इंद्र राजलु को 3-1 से हराया। टीम इवेंट में पुरोहित के नेतृत्व में मप्र टीम ने फाइनल में गुजरात को 3-0 से पराजित किया।
उल्लेखनीय है कि पुरोहित 25 वर्ष से नेशनल और मास्टर्स टेबल टेनिस स्पर्धाओं में खेल रहे हैं और अब तक 30 स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। छह अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में भी उन्होंने भाग लिया है, जिनमें तीन स्वर्ण और एक रजत पदक जीता है। वे स्टाकहोम, स्पेन, इंडोनेशिया, श्रीलंका, इराक और गोआ में आयोजित फोर्जा कप की स्पर्धाओं में खेल चुके हैं। राजधानी एक्सप्रेस के लोको पायलट पद से रिटायर होने के बाद से पुरोहित ने पूरे समर्पण भाव से टेबल टेनिस को अपनाया और कई सफलताएं हासिल की। हाल ही में उन्हें रेलवे डीआरएम विनीत गुप्ता ने 15 अगस्त को आजादी के अमृत महोत्सव में 75 वर्ष आयु पूर्ण करने और अनेक उपलब्धियां हासिल करने पर स्वर्ण पदक प्रदान कर सम्मानित किया था।
इंदौर जिला इंटर स्कूल योग स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 29 व 30 को
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर इंदौर कार्पोरेशन योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा इंदौर जिला इंटर स्कूल योग स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का आयोजन 29 व 30 अगस्त को प्रीतमलाल दुआ सभागृह में किया जाएगा । एसोसिएशन के सचिव ईश्वर सिंह चौहान ने बताया कि राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित उक्त चैंपियनशिप बालक व बालिका वर्ग के किड्स, मिनी, सब जूनियर, जूनियर व सीनियर आयु वर्ग में आयोजित की जाएगी । चैंपियनशिप में उक्त आयु वर्ग की बालिका वर्ग की टीम व व्यक्तिगत मुकाबले 29 अगस्त को तथा बालक वर्ग के मुकाबले 30 अगस्त को खेले जाएंगे। मुकाबलों के पश्चात विजेता टीमों व खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जाएगा ।