
अरविंद तिवारी, इंदौर । लोकसभा अध्यक्ष पद पर इंदौर की सांसद सुमित्रा महाजन की ताजपोशी का निर्णय नरेंद्र मोदी द्वारा प्रधानमंत्री पद की शपथ देने के दो दिन बाद ही हो गया था। केंद्रीय मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह के एक दिन पहले तो पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने उन्हें यह कहते हुए पूरी तरह आश्वस्त कर दिया था कि नाम किसी का भी चले, लेकिन स्पीकर की कुर्सी पर आपको ही बैठना है। इस पुख्ता आश्वासन के बाद ही ताई इंदौर लौटी थीं।
ताई मध्यप्रदेश से केंद्रीय मंत्रिमंडल के लिए प्रबल दावेदार थीं। लोकसभा चुनाव में उनकी प्रदेश से सबसे ज्यादा मतों से जीत और सांसद के रूप में उनकी वरिष्ठता ने उन्हें मंत्रीपद का स्वाभाविक दावेदार बना रखा था। लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद जब नरेंद्र मोदी ने पार्टी अध्यक्ष राजनाथसिंह, अरुण जेटली, नितिन गडकरी और संगठन महामंत्री रामलाल से स्पीकर व संभावित मंत्रियों के नामों को लेकर चर्चा की तो ज्यादातर की राय श्रीमती महाजन को स्पीकर बनाने के लेकर सामने आई। उन्हें डॉ. मुरली मनोहर जोशी व करिया मुंडा जैसे दूसरे दावेदारों के तुलना में ज्यादा बेहतर माना गया। सभापति तालिका के सदस्य के रूप में सदन संचालन का उनके अनुभव के साथ ही उनकी सौम्यता व सरलता को भी सकारात्मक पक्ष माना गया। पार्टी के चारों बड़े नेता इस बात से भी सहमत थे कि वे पूरी दक्षता से सदन संचालित कर सकती हैं।
इसी चर्चा के बाद पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने श्रीमती महाजन से संपर्क कर उन्हें बताया था कि स्पीकर के लिए उनका नाम लगभग तय है और मौका आने पर इसकी सूचना खुद नरेंद्र मोदी आपको देंगे।
संघ भी बना पैरोकार
श्रीमती महाजन का एक मजबूत पक्ष राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ का उनके पक्ष में खड़ा होना भी था। संघ प्रमुख मोहन भागवत के साथ ही भैयाजी जोशी, सुरेश सोनी व दतात्रय होसबोले जैसे दिग्गजों की राय महाजन के पक्ष में थी।
..तब चिंतित हो गए थे समर्थक
एक सप्ताह पहले लोकसभाध्यक्ष के लिए पार्टी के दिग्गज नेता लालकृष्ण आडवाणी का नाम आने ने महाजन समर्थकों को चिंता होने लगी थी। इस दौर में फिर पार्टी के उसी नेता ने महाजन तक यह संदेश पहुंचाया की फैसला हर हालत में आपके पक्ष में ही होगा।
समर्थक दिल्ली पहुंचना शुरू
श्रीमती महाजन की लोकसभाध्यक्ष के रूप में ताजपोशी में शामिल होने के लिए उनके समर्थक दिल्ली रवाना होने लगे हैं। इंदौर में उनके खास सिपाहसलार अशोक डागा व रामस्वरूप मूंदड़ा बुधवार शाम दिल्ली रवाना हो गए। चंदू माखीजा, अंजू माखीजा, राजेश अग्रवाल, देवराजसिंह परिहार, अजयसिंह नरूका, जवाहर मंगवानी, पदमा भोजे, सुधीर देड़गे, ज्योति तोमर, जगमोहन वर्मा, संगीता सातालकर, सुरेश बंसल, सुधीर दांडेकर, कमलेश नचान, प्रकाश पारवानी के साथ ही करीब दो दर्जन नेता गुरुवार दोपहर भोपाल से शताब्दी एक्सप्रेस से दिल्ली जाएंगे। इनमें पूर्व महापौर डॉ. उमा शशि शर्मा व आईडीए के उपाध्यक्ष ललित पोरवाल भी शामिल हैं। कुछ नेता इसी दिन शाम को इंदौर से विमान से दिल्ली जाएंगे।
भाई भी मौजूद रहेंगे
नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय व विधायक रमेश मेंदोला भी श्रीमती महाजन के लोकसभाध्यक्ष चुने जाने के दौरान दिल्ली में रहेंगे। इन दिनों ताई व भाई के संबंध काफी मधुर हैं और इसमें मेंदोला की अहम भूमिका रही है। वैसे विजयवर्गीय तो प्रधानमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह के बाद ही दिल्ली में महाजन से मिलकर उन्हें अग्रिम शुभकामनाएं दे चुके हैं।
विधायक भी मौजूद रहेंगे
इंदौर के भाजपा विधायक महेंद्र हार्डिया, सुदर्शन गुप्ता, मनोज पटेल, मालिनी गौड़ व राजेश सोनकर के साथ ही पार्टी के नगर अध्यक्ष कैलाश शर्मा व जिलाध्यक्ष रवि रावलिया और कई पदाधिकारी भी शुक्रवार को दिल्ली में महाजन के पदभार ग्रहण समारोह के प्रत्यक्षदर्शी बनेंगे। ये सब शुक्रवार सुबह ही दिल्ली जाएंगे।