
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। वन्य प्राणियों की तस्करी के खिलाफ स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। टीम ने कछुआ तस्करी के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग प्रजातियों के 30 कछुए बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपी कछुओं को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे। इसकी सूचना मिलने पर टाइगर स्ट्राइक फोर्स ने टीम गठित कर कार्रवाई की और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुसाखेड़ी निवासी केशव शर्मा और रोहन गौड के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि केशव शर्मा कछुओं को बेचने के लिए ग्राहकों से संपर्क करता था। रोहन गौर की जिम्मेदारी वन्य प्राणियों को ग्राहकों तक पहुंचाने की थी। दोनों मिलकर कछुओं की तस्करी का काम कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान टीम ने आरोपियों के पास से विभिन्न प्रजातियों के 30 कछुए जब्त किए। इसके बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
यह भी पढ़ें- MP High Court ने कहा- मकान मालिक के लिए इंदौर में रहना सुविधाजनक है या नहीं, यह वह तय करेगा, किराएदार नहीं