
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। द्वारकापुरी के सब्जी विक्रेताओं ने फूटी कोठी फ्लाईओवर ब्रिज के नीचे ही दुकानें लगाने की अनुमति देने की मांग की है। दुकानदारों का कहना है कि महापौर और स्थानीय विधायक के बीच चल रहे टकराव का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है। विक्रेताओं की समस्या को लेकर सोमवार को कांग्रेस ने नगर निगम मुख्यालय पर प्रदर्शन किया।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि निगम सब्जी व्यापारियों के साथ अन्याय कर रहा है। जब महापौर दो साल पहले ही फ्लाईओवर के नीचे सब्जी मंडी लगाने की घोषणा कर चुके हैं तो फिर दुकानदारों को वहां कारोबार करने की अनुमति क्यों नहीं दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि निगम ने राजकुमार मिल रेलवे ओवरब्रिज, भंडारी मिल रेलवे ओवरब्रिज और बंगाली चौराहा फ्लाईओवर के नीचे सब्जी मंडी लगाने की अनुमति दी है। इन्हीं स्थानों की तरह फूटी कोठी फ्लाईओवर के नीचे भी दुकानदारों को कारोबार करने की अनुमति दी जानी चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान फूटी कोठी सब्जी मंडी के दुकानदारों ने कहा कि महापौर पुष्यमित्र भार्गव और स्थानीय विधायक मालिनी गौड़ के बीच चल रहे आपसी टकराव के कारण उनका नुकसान हो रहा है। नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट ने कहा कि सब्जी विक्रेताओं, ठेले वालों और घूमकर सामान बेचने वाले गरीब लोगों के हितों के लिए कांग्रेस हमेशा संघर्ष करती रहेगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम पीली गैंग के माध्यम से गरीबों पर अत्याचार कर रहा है। इस मौके पर पार्षद यशस्वी पटेल, राजू भदौरिया, अनवर दस्तक, रफीक खान, सीमा सोलंकी, सोनिला मिमरोट और प्रमोद द्विवेदी ने भी संबोधित किया। कांग्रेस और सब्जी व्यापारियों ने घोषणा की कि मंगलवार सुबह 10 बजे से फ्लाईओवर के नीचे दुकानें लगाई जाएंगी। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम आयुक्त के नाम ज्ञापन अपर आयुक्त मनोज कुमार पाठक को सौंपा।