नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर शहर में लगातार हो रही बारिश के कारण आंगनबाड़ी और स्कूलों में शनिवार को छुट्टी घोषित की गई है। कलेक्टर आशीष सिंह ने लगातार बारिश के कारण 24 अगस्त को आंगनबाड़ी केंद्रों और शासकीय व अशासकीय विद्यालयों में कक्षा 12वीं तक अवकाश घोषित किया है। शनिवार को छुट्टी होने से विद्यार्थियों को लगातार तीन दिन की छुट्टी मिलेगी। सोमवार को भी जन्माष्टमी का अवकाश रहेगा।
इंदौर में शुक्रवार को सुबह से शहर तेज बौछारों से शहर तरबतर हुआ। इस सीजन में पहली बार शुक्रवार को विगत 24 घंटे में इंदौर में सर्वाधिक वर्षा शहरवासियों ने देखी। शहर में 12 घंटे में 141.8 मिमी वर्षा दर्ज हुई, इसमें शाम 5.30 बजे बाद तीन घंटे में 71.8 मिमी वर्षा दर्ज हुई।
शाम 4 बजे बाद से वर्षा निरंतरता ने नगर निगम व प्रशासन के अफसरों की चिंता भी बढ़ाई। बीआरटीएस सहित के कई चौराहें व सड़कों पर जलजमाव हुआ और इसके कारण सड़कों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति भी निर्मित हुई। कार व दोपहिया चालक कई घंटों तक ट्रैफिक में फंसे रहे।
विजयनगर, दवा बाजार सहित शहर के कई इलाकों में वाहन चालक परेशान हुए। मौसम विज्ञानियों द्वारा इंदौर में शनिवार व रविवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है और शहर में अति भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।
शुक्रवार को रात 8.30 बजे तक 141.3 मिमी वर्षा दर्ज हुई। 4 साल पहले वर्ष 2020 में 22 अगस्त को इंदौर में 24 घंटे में 263.4 मिमी वर्षा दर्ज हुई थी। उसके बाद इस बार इंदौर में शुक्रवार को 24 घंटे में सर्वाधिक वर्षा दर्ज हुई है।
शुक्रवार को हुई वर्षा ने इंदौर में अगस्त माह की औसत वर्षा का कोटा पूरा किया। इंदौर शहर में जून व जुलाई में औसत से कम वर्षा हुई है। वही 23 अगस्त को औसत वर्षा के कोटा जो सुबह 139 मिमी कम था, उसकी भी भरपाई हुई। एयरपोर्ट स्थित वेदर स्टेशन पर इस मानसून सीजन में 1 जून से 23 अगस्त तक 656.2 मिमी वर्षा दर्ज हुई।