Indore Weather: इंदौर में धूल भरी आंधी: शेड़ उड़े, पेड़ उखड़े, घंटों ट्रैफिक जाम, आधे शहर में बिजली गुल
नगर निगम कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार शहर में 40 से ज्यादा जगह पेड़ गिरने की शिकायत मिली। जोन 19 के अंतर्गत अग्रवाल पब्लिक स्कूल के पास एक पुराना पेड़ सड़क पर गिर पड़ा। इसके अलावा बिचौली मर्दाना क्षेत्र में भी कई पेड़ गिरे। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक गुरुवार को शहर में तेज हवाएं चलने के साथ हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है।
Publish Date: Wed, 30 Apr 2025 07:07:43 PM (IST)
Updated Date: Wed, 30 Apr 2025 11:12:29 PM (IST)
तेज हवा में शेड के ये हाल हो गए।HighLights
- इंदौर में 50 किमी प्रतिघंटा की गति से चली धूल भरी हवाएं।
- तीन दिन तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी के हैं आसार
- विज्ञापन वाले शेड उखड़ गए। पेड़ गिरने से बाधा भी हुई।
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। बुधवार को दोपहर में सूरज की तपिश ने शहरवासियों को बेहाल किया। वही शाम के समय मौसम का एकाएक मिजाज बदला और तेज हवाओं के कारण शहर धूल के आगोश में छुप गया। शहर की सड़कों व गलियों सहित अधिकांश इलाकों में दोपहर 3.30 से 5.30 बजे तक जहां 28 से 30 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से हवाएं चली।
शाम 5.30 से 6.30 बजे तक शहर में धूल भरी आंधी 48 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली। धूलभरी हवाओं के गुबार के ओट में सूरज भी छिप गया। वही इस दौरान सड़कों पर निकले वाहनों को द्श्यता कम होने के कारण दिन में ही वाहनों की लाइट चालू करना पड़ी। तेज हवाओं के कारण प्रमुख चौराहों पर धूप से बचाने के लिए लगे शेड झुक गए और कई स्थानों पर टीनशेड भी उड़ गए।
शहर में बुधवार दोपहर बाद शहर में चली तेज हवा से चौराहों पर लगाए गए विवादित शेड उड गए। राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। दोपहर बाद चली आंधी की वजह से शहर में कई जगह सड़क पर पेड गिर गए। इससे आवागमन बाधित हुआ। सूरज की तपिश ने गर्मी का अहसास करवाया। शाम के समय शहर में धूल भरी आंधी चली।
आंधी से बिगड़ा यातायात - शोभायात्रा और सामूहिक विवाह भी जाम का कारण
- शहर के अधिकांश चौराहे बुधवार शाम जाम के हवाले हो गए। यहां वाहनों की लंबी कतारें लग गई। दरअसल शाम को तेज आंधी, शहर में परशुराम जयंती पर निकली शोभायात्रा और सामूहिक विवाह के चलते स्थितियां बिगड़ी गई और शहर जाम के गिरफ्त में चला गया।
भागीरथपुरा, मरीमाता चौराहा, बड़ा गणपति, एमआर-10, चंदन नगर, पत्थर गोदाम आदि जगहों पर लंबा जाम लग गया। इनमें से कई चौराहे तो ऐसे थे, जहां पर पुलिस तक मौजूद नहीं थी।
शाम 6 बजे बाद लगा जाम रात 10 बजे तक जारी रहा। बुधवार शाम तेज आंधी शुरू होते ही कई जगहों पर पेड़ गिर गए, तो कई चौराहे पर छावं के लिए लगाए गए शेड भी टूट गए।
इसके चलते हाईकोर्ट चौराहा सहित अन्य जगहों पर जाम लग गया। हाईकोर्ट पर शेड सुधारने के खड़ी हुई नगर निगम की गाड़ी के चलते एक लेन पूरी तरह से ब्लाक हो गई। ![naidunia_image]()
फोटो- पत्थर गोदाम मार्ग पर लगा जाम।
- दोनों ओर के वाहन एक ही लेन से आने जाने लगे, जिससे वाहन गुत्थम-गुत्था होने लगे। वहीं चंदन नगर में यातायात संभालने वाली पुलिस नदारद होने से ऐसा जाम लगा कि चंदन नगर से जवाहर टेकरी तक लंबा जाम लग गया। जो कि रात 10 बजे के बाद भी जारी रहा।
- इसी तरह मरीमाता चौराहे पर परशुराम जंयती के कार्यक्रम को लेकर भीड जमा होने से जाम लग गया। जिसका असर राजवाड़ा और पोलोग्राउंड तक रहा।
- भागीरथपुरा पर डीआरपी लाइन पर भी जाम लग गया। संयाेगितागंज के पत्थर गोदाम मार्ग पर भी वाहन आपस में गुत्थम-गुत्था होते रहे।
- शोभायात्रा से लगा जाम बड़ा गणपति से शाम को शोभायात्रा निकाली गई। जिसके यहां जाम लग गया। जाम ऐसा लगा कि राजवाड़ा और राजमोहल्ला तक वाहनों की कतार लग गई।
- इसी तरह एमआर-10 पर लवकुश चौराहा के पास एक ट्रक खराब होने से एक लेन पूरी तरह से बाधित हो गई, जिसके चलते जाम लग गया। बापट चौराहा भी शोभायात्रा के चलते जाम की गिरफ्त में रहा। कुल मिलाकर बुधवार शाम से देर रात तक शहर की मुख्य सड़कों पर जाम लगा रहा।
- सहायक पुलिस आयुक्त यातायात प्रबंधन नरेश अनोटिया ने बताया कि शाम को तेज आंधी के चलते कई जगह पेड़ गिरने और लाइट जाने के चलने के साथ ही शोभायात्रा के चलते बड़ागणपति, गंगवाल बस स्टैंड चौराहा, चंदन नगर आदि जगहाें पर जाम की स्थिति बनी थी।
तेज हवा-आंधी से 35 फीडर फाॅल्ट, आधे शहर में बिजली गुल
- बुधवार शाम चली तेज आंधी-हवा के साथ ही शहर के बड़े हिस्से में बिजली गुल हो गई।
- राजमोहल्ला से राजवाड़ा, राजेंद्र नगर से भंवरकुआं, किला मैदान से खंडवा रोड और बायपास से लेकर रिंग रोड व उज्जैन रोड तक तमाम क्षेत्रों में बिजली गुल हो गई।
- घंटेभर बाद भी 35 फीडरों पर आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी। राजवाड़ा, राजमोहल्ला, संगम नगर, सुदामा नगर क्षेत्र व रिंग रोड के बड़े हिस्से में बिजली आपूर्ति बाधित थी।
- बिजली कंपनी के अधीन आना वाला शहर का पश्चिम डिवीजन ज्यादा प्रभावित रहा।
- बिजली कंपनी के अनुसार ज्यादातर हिस्सों में तेज हवा से बिजली लाइन पर बैनर, पोस्टर, होर्डिंग गिरे और कई जगह पेड़ की शाखाएं भी लाइन पर गिरी।
- इसके चलते आपूर्ति बाधित हुई। रात नौ बजे तक ज्यादा तक स्थानों पर सुधार पूरा कर आपूर्ति सुचारू कर दी गई थी।
40 से ज्यादा जगह पेड़ गिरने की शिकायत
- नगर निगम कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार शहर में 40 से ज्यादा जगह पेड़ गिरने की शिकायत मिली। जोन 19 के अंतर्गत अग्रवाल पब्लिक स्कूल के पास एक पुराना पेड़ सड़क पर गिर पड़ा।
- इसके अलावा बिचौली मर्दाना क्षेत्र में भी कई पेड़ गिरे।
- इसी तरह जोन 19 में जूनी इंदौर, सिंधी कालोनी, जोन 10 में रणजीत हनुमान मंदिर क्षेत्र में भी पेड सड़क पर आ गिरे।
- नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक जाम लग चुका था।
- आंधी की वजह से बिजली गुल होने से चौराहों पर यातायात सिग्नल भी बंद हो गए।
- इस वजह से भी जाम लगा। यातायात पुलिसकर्मियों को ट्रैफिक क्लियर करने में खासी मशक्कत करना पड़ी।
![naidunia_image]()
देर तक चलता रहा सुधार कार्य।
गायब रहे बिजली के इंजीनियर
- बिजली कंपनी ने दावा किया कि डेढ़ घंटे में आपूर्ति सामान्य कर ली गई थी। शहर में कुल 350 शिकायतें बिजली कंपनी के काल सेंटर पर मिली थी।
- 400 कर्मचारी सुधार कार्य में जुटे रहे और 30 जगह लाइनों पर पेड़, होर्डिंग आदि गिरने की शिकायतें आई। हालांकि दावे के उलट राजबाड़ा क्षेत्र में करीब ढाई घंटे बिजली गुल रही।
- एचटी के इंजीनियरों को फाल्ट ही नहीं मिले। रात नौ बजे बाद तक संगम नगर क्षेत्र में फीडर बंद थे और प्रभारी इंजीनियर फील्ड से गायब थे।
- जबकि अधीक्षण यंत्री ने सभी जोन इंजीनियरों को मौके पर मौजूद रहने के निर्देश दिए थे।
- मुराई मोहल्ला, छावनी, खंडवा रोड क्षेत्र में भी रात दस बजे तक सुधार चलता रहा और लोग बिजली की आंख मिचौली से परेशान होते रहे।
द्रोणिका के प्रभाव से धूल भरी आंधी, अगले तीन दिन भी चलने की संभावना
भोपाल स्थित मौसम केंद्र के विज्ञानियों के मुताबिक वर्तमान में दक्षिणी राजस्थान पर ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। वही दक्षिण पूर्व राजस्थान से पश्चिमी मप्र, विदर्भ, मराठवाड़ा से कर्नाटक तक एक द्रोणिका बनी हुई है। इसके प्रभाव से राजस्थान की ओर से तेज हवाएं आ रही है और वप्रदेश में पूर्व व पश्चिमी की ओर से आ रही हवाओं का मिलन हो रहा है। इस वजह से इंदौर में गुरुवार से शनिवार तक आगामी तीन दिन धूलभरी आंधी चलने के साथ हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। इस दौरान दिन का तापमान 40 डिग्री के आसपास ही बना रहेगा।
![naidunia_image]()
जो शेड तेज हवा में उडे हैं वे विवादित
- जो शेड तेज हवा में उडे हैं वे वहीं विवादित शेड हैं जिन्हें वाहन चालकों को धूप से बचाने के लिए नाम पर चौराहों पर लगाया गया था।
- इन ढांचों की मजबूती को लेकर कई बार सवाल भी उठ रहे थे। नगर निगम के अधिकारियों ने स्ट्रक्चर की जांच की बात भी कही थी लेकिन कुछ नहीं हुआ।
- इन पर लगे विज्ञापनों के चलते इनका विरोध भी हुआ था। हालांकि विवाद के बाद कई जगह से विज्ञापन हटवा लिए गए थे।
- इन शेड की क्वालिटी इतनी घटिया थी कि तेज हवाओं में ये कुछ देर भी नहीं टिक पाए और उड़ने लगे।
![naidunia_image]()
दो उड़ानें इंदौर से भोपाल डायवर्ट
- तूफान के कारण इंदौर एयरपोर्ट पर दो विमान नहीं उतर सके। इंडिगो विमान कपंनी की मुुंबई से 5.40 बजे इंदौर आने वाली उडा़न और बैंगलुरु से इंदौर आने वाली उड़ानों को भोपाल डायवर्ट किया गया।
- दोनों विमान को इंदौर में उतरने की अनुमति नहीं मिली। तेज आंधी के कारण रनवे नजर नहीं आ रहा था। ऐसे में विमान को भोपाल डायवर्ट किया गया।
- मुंबई उड़ान ने उतरने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवा और धूल के कारण विमान नहीं उतर सका। हवा में तीन से चार गोते लगाए, इससे विमान में बैठक यात्री घबरा गए।
गुरुवार के मौसम का अनुमान
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक गुरुवार को शहर में तेज हवाएं चलने के साथ हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। दोपहर में धूप के कारण शहरवासी परेशान होंगे।
दिनांक अधिकतम न्यूनतम
इंदौर
भोपाल
उज्जैन
आज का तापमान
- अधिकतम 41.6 डिग्री
- न्यूनतम 26.3 डिग्री
आर्द्रता
- अधिकतम 31 प्रतिशत
- न्यूनतम 18 प्रतिशत
![naidunia_image]()
इंदौर में गर्मी का ग्राफ
बुधवार को दिन में अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 41.6 डिग्री दर्ज किया गया। जो मंगलवार केमुकाबले एक डिग्री कम रहा है। गौरतलब है कि इंदौर में मंगलवार को दिन का पारा 42.6 डिग्री पारा पहुंचा था। पिछले 10 साल में अप्रैल माह में दूसरी बार पारा इस उच्च स्तर पर पहुंचा था। इसके पूर्व इंदौर में वर्ष 2019 में अप्रैल माह में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री दर्ज किया गया था।
अप्रैल माह में सात दिन 41 डिग्री पार रहा दिन का पारा
दिनांक अधिकतम तापमान
- 8 अप्रैल 41.1 डिग्री
- 9 अप्रैल 41.4 डिग्री
- 18 अप्रैल 41.7 डिग्री
- 23 अप्रैल 41.0 डिग्री
- 28 अप्रैल 41.4 डिग्री
- 29 अप्रैल 42.6 डिग्री
- 30 अप्रैल 41.6 डिग्री