Indore Weather Update: इंदौर में 42.8 डिग्री तापमान, रात भी हुई गर्म, आज ऐसा रहेगा मौसम
मंगलवार को शहर में अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 29 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री अधिक था।
Publish Date: Wed, 22 May 2024 06:33:31 AM (IST)
Updated Date: Wed, 22 May 2024 06:33:31 AM (IST)
HighLights
- मालवा-निमाड़ अंचल में बढ़ती जा रही भीषण गर्मी, लोग हो रहे बेहाल
- दोपहर में निकली धूप के कारण शहर की सड़कों व बाजार कुछ समय के लिए सूने भी रहे।
- दोपहर में छाए बादलों के कारण सोमवार के मुकाबले मंगलवार को तापमान हल्का सा कम रहा।
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। सूरज की तपिश ने मंगलवार दोपहर के साथ सुबह और शाम को भी शहरवासियों को परेशान किया। दोपहर में निकली धूप के कारण शहर की सड़कों व बाजार कुछ समय के लिए सूने भी रहे। दोपहर में छाए बादलों के कारण सोमवार के मुकाबले मंगलवार को तापमान हल्का सा कम रहा।
मंगलवार को शहर में अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 29 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री अधिक था। मंगलवार को दिन में ढाई बजे बाद पारा उच्चतम स्तर पर था। भोपाल स्थित मौसम केंद्र के विज्ञानियों के मुताबिक बुधवार को शहर में आंशिक बादल छाएंगे और दिन का तापमान 43 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। वहीं लगातार तीसरे दिन सोमवार की रात इस सीजन की सबसे गर्म रात रही।
बड़वानी में पारा 46 डिग्री पार
मालवा-निमाड़ अंचल में प्रचंड गर्मी का दौर मंगलवार को भी जारी रहा। बड़वानी में मंगलवार को अधिकतम 46.4 एवं न्यूनतम तापमान 32.3 डिग्री दर्ज किया गया। गत वर्ष आज के दिन अधिकतम तापमान 44.6 एवं न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस था। नीमच जिले में कई स्थानों पर केले की फसल के पत्ते तेज गर्मी की वजह से झुलस गए।
मंगलवार को इंदौर का तापमान
समय तापमान
8.30 बजे 34.0 डिग्री
11.30 बजे 40.2 डिग्री
2.30 बजे 42.6 डिग्री
5.30 बजे 39.4 डिग्री
मालवा-निमाड़ में तापमान
जिला अधिकतम न्यूनतम
बड़वानी 46.4 32.3
रतलाम 45.6 28.5
झाबुआ 44.8 28.2
शाजापुर 44.8 27.9
खरगोन 44.2 26.8
उज्जैन 44.2 28.0
खंडवा 44.1 27.0
धार 43.7 28.7
बुरहानपुर 43.0 30.0
इंदौर 42.8 29.0
मंदसौर 42.2 27.6
नीमच 42.0 30.0
देवास 42.0 29.0
(तापमान डिग्री सेल्सियस में)