
Indore Weather Update नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। रविवार सुबह शहर में घना कोहरा छाया और न्यूनतम दृश्यता सुबह 5 बजे 150 मीटर तक पहुंची। करीब आधे घंटे तक का न्यूनतम दृश्यता इसी स्तर पर रही। कोहरे के कारण रविवार सुबह इंदौर एयरपोर्ट पर कई उड़ानें भी प्रभावित हुई। इधर देर शाम पूरे शहर में तेज बारिश हुई, जिसने लोगों को कंपकंपा दिया।
इंदौर में सुबह से बादल छाए रहे और सुबह 10 बजे तक दृश्यता एक हजार मीटर से कम रही। सुबह 9.30 बजे शहर में बादलों के साथ हल्की बूंदाबांदी भी हुई। सुबह पूर्वी और दक्षिण पूर्वी हवा 13 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चली।

इंदौर में देर शाम हुई तेज बारिश के कारण सड़कों पर पानी जमा हो गया।
भोपाल स्थित मौसम केंद्र के मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक वर्तमान में दक्षिणी पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर चक्रवाती हवाओं का घेरा बना हुआ है, वहीं दक्षिण गुजरात से दक्षिण पश्चिम उत्तर प्रदेश तक एक द्रोणिका गुजर रही है। इस वजह से अरब सागर से आ रही नमी कारण इंदौर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में बादल ,कोहरे के साथ बूंदाबांदी का असर दिखाई दे रहा है। इंदौर में आज दिन भर धुंध और कोहरा छाने की संभावना है। आज सूरज भी बादलों की ओट में छिपा रहेगा। रविवार सुबह शहर में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 13.2 डिग्री दर्ज किया गया।
गौरतलब है कि अब शहर में हवाओं, बादलों और बूंदाबांदी के असर से ही ठंड का असर बढ़ गया है और शहरवासियों को ठिठुरन का एहसास हो रहा है। शहर के मौसम में अब तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। ठंड का असर अब धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। इस सप्ताह में शहर में धुंध व कोहरे का असर बरकरार रहेगा, वहीं सप्ताह की शुरुआत में हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। सप्ताह के अंत तक शहर में हवाओं का रुख उत्तरी होगा। ये हवाएं शहरवासियों को कड़ाके की ठंड का अहसास करवाएंगी और 11 जनवरी से शहर के न्यूनतम तापमान में गिरावट भी देखने को मिलेगी। न्यूनतम तापमान इस सीजन में पहली बार सामान्य से नीचे पहुंचेगा।
वर्तमान में शहर में हवाओं का रुख उत्तर-पूर्वी व दक्षिणी ही बना हुआ है। हिमालय व कश्मीर की ओर से आने वाली उत्तरी हवाएं मध्य प्रदेश में तो पहुंच रही हैं लेकिन इंदौर व उज्जैन संभाग तक अभी तक नहीं पहुंच पाई हैं। इस वजह से अभी तक शहर में तेज सर्दी का असर नहीं दिखाई दिया है। 8 से 10 जनवरी के बीच उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा। इसके कारण अरब सागर में चक्रवाती हवाओं के घेरा बनेगा।
आगामी सप्ताह में मध्य प्रदेश में पूर्वी व पश्चिमी हवाओं का सम्मिश्रण होगा। इसके कारण इंदौर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में बादल व बूंदाबांदी की स्थिति दिखाई देगी। धुंध व कोहरे के असर से सुबह व रात को वाहन चलाने वालों को काफी सतर्कता रखनी होगी। हालांकि सप्ताह में कुछ दिन दोपहर में धूप भी खिलेगी।
| शनिवार रात 2.30 बजे | 500 मीटर |
| रात 3.30 बजे | 1000 मीटर |
| रात 4.30 बजे | 200 मीटर |
| रविवार सुबह 5 बजे | 150 मीटर |
| सुबह 5.30 बजे | 400 मीटर |