
Indore Weather Update: नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। बारिश का मौसम बीतने के बाद अब मध्य प्रदेश में कोई प्रभावी मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। यही वजह है कि अब दिन में तेज सूरज की किरणों के कारण धूप की चुभन महसूस हो रही है, वहीं अल सुबह और रात को हल्की ठंड भी महसूस होने लगी है।
शुक्रवार सुबह इंदौरमें धूप खिली और न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री दर्ज किया गया जो कि सामान्य था। सुबह के समय पश्चिमी उत्तर पश्चिमी हवाएं 12 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से चली। वहीं आसमान साफ़ रहने के कारण दृश्यता 6 हज़ार किलोमीटर तक दर्ज की गई। ग़ौरतलब है कि गुरुवार को शहर में अधिकतम तापमान सामान्य एक डिग्री अधिक 33 .6 डिग्री दर्ज किया गया था।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, इंदौर, चंबल, ग्वालियर, उज्जैन संभाग के ज़िलों से मानसून जा चुका है और अगले दो दिन में प्रदेश के कुछ और हिस्सों से मानसून के वापस जाने की संभावना है। वातावरण में नमी कम होने के कारण आसमान साफ़ होने लगा है। इस वजह से दिन में धूप के कारण गर्मी महसूस होने लगी है लेकिन हवाओं का रुख़ उत्तरी होने के कारण शाम ढलते गुलाबी ठंड का एहसास भी हो रहा है।

प्रदेश में बारिश का दौर भी लगभग थम गया है
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक़, दक्षिणी झारखंड के आस-पास बने कम दबाव के क्षेत्र के असर के कारण रीवा शहडोल संभाग के ज़िलों में हल्की वर्षा हो रही है। वहीं कम दबाव का क्षेत्र अब बंगाल के आसपास पहुंच गया है। इस वजह से नमी आने का सिलसिला कम हो गया है। यही वजह है कि फ़िलहाल मध्य प्रदेश में बारिश का दौर भी लगभग थम गया है।
वहीं, वातावरण में नमी कम होने के कारण बादल छंट गए हैं और आसमान साफ़ होने से धूप निकलने लगी है। हालाकि, इस बदलते मौसम में सर्दी खांसी बुख़ार और वायरल के मरीज़ो की संख्या बढ़ने के कारण लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के निर्देश भी दिए जा रहे हैं।