
Indore Weather Update: नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। पूर्वी-उत्तर पूर्वी दिशा से हवा चलने से मौसम का मिजाज बदल गया। सोमवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। सुबह पांच बजे दृश्यता 150 मीटर तक पहुंच गई। सुबह आठ बजे तक भी कोहरा छाया रहा। हवा चलने से ठंड बढ़ गई।
रविवार सुबह आठ बजे से बूंदाबंदी शुरू हुई, जो 10 बजे तक चलती रही। देर रात को भी कई इलाकों में बारिश हुई। इसके बाद आसमान में बादल मंडराते रहे। धुंध छाई रहने से धूप भी नहीं निकली। सर्द हवाएं पंद्रह किमी रफ्तार से चली। इससे ठिठुरन महसूस हुई। रात आठ बजे हल्की वर्षा हुई।
मौसम विभाग के मुताबिक दिन का तापमान सामान्य से छह डिग्री नीचे आया है, जो सीजन में सबसे कम रहा। सुबह कोहरा छाए रहने से इंदौर एयरपोर्ट पर कई उड़ानें प्रभावित रही। फ्लाइट एक से डेढ़ घंटे लेट रही। मगर एयरलाइंस कंपनियों ने उड़ानों को रद्द नहीं किया।

दक्षिणी-पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर चक्रवाती हवाओं का घेरा बनने और दक्षिण गुजरात से दक्षिण पश्चिम उत्तर प्रदेश तक द्रोणिका गुजरने से प्रदेश का मौसम बदल गया है। साथ ही अरब सागर से नमी बनी। अधिकतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। सुबह 8.30 से रात 8.30 बजे तक 4.7 एमएम वर्षा हुई।
सुबह पूर्वी और दक्षिण पूर्वी हवा 13 किमी और शाम को पूर्वी-उत्तर पूर्वी हवा पंद्रह किमी प्रति घंटा की गति से चली। मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन से चार दिन मौसम ऐसा ही बना रहेगा। बादल छाए रहने से ठंड का असर बढ़ने का अनुमान है।