नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। एमआइजी थाना क्षेत्र में रविवार रात चैंपियंस ट्राफी में भारत की जीत का जश्न मनाने के लिए निकाले गए जुलूस के बाद बदमाश एक व्यक्ति के घर के बाहर खड़े होकर अपशब्द कह रहे थे। पड़ोस में रहने वाली महिला ने विरोध किया तो विवाद करने लगे।
इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे बेटे की चाकू मारकर हत्या कर दी। मां अपने बेटे की जान के लिए आरोपियों के हाथ जोड़ती रही, लेकिन बदमाशों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गुस्साए परिजन और रहवासियों ने थाने के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया। आरोपियों को फांसी देने और उनके मकान तोड़ने की मांग रखी। पुलिस के आश्वासन के बाद वह शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए।
पुलिस के अनुसार महेश पुत्र शंकर बामनिया (27) निवासी नया बसेरा (छोटी खजरानी) की हत्या हुई है। मामले में सूरज पुत्र संतोष निवासी नया बसेरा, आशुतोष पुत्र संतोष, राम सहित एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
परिजन के मुताबिक महेश सोमवार को ही लड़की देखने जाने वाला था। मई में उसकी शादी तय हुई थी, लेकिन इससे पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से मां की तबीयत बिगड़ी हुई है।
आरोपियों और मृतक की मां के बीच विवाद हुआ था। रविवार को हुए विवाद में महेश पर चाकू से हमला कर दिया, ज्यादा खून बहने से उसकी मौत हो गई। हमने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक रिकार्ड है। - अमरेंद्र सिंह, एडीसीपी, इंदौर