
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। दक्षिण भारत के कर्नाटक राज्य की राजधानी बेंगलुरु के बाहरी क्षेत्र नेलामंगला स्थित शिवगंगे पहाड़ियों में ट्रैकिंग के लिए गया इंदौर का 31 वर्षीय युवक अद्वैत उपाध्याय लापता हो गया है। अद्वैत बेंगलुरु की एक फाइनेंस कंपनी में काम करता है। वह दो दिन पहले ट्रैकिंग के लिए निकला था। उसने अपनी मंगेतर को पहाड़ी पर घूमने जाने की जानकारी दी थी और यात्रा के लिए एक बाइक भी किराए पर ली थी।
पुलिस के अनुसार अद्वैत दो दिन पहले सुबह साढ़े छह बजे शिवगंगे पहाड़ी की तलहटी से ऊपर चढ़ते हुए देखा गया था। इसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चला है। उसका मोबाइल फोन भी लगातार स्विच ऑफ बता रहा है।
अद्वैत के परिवार ने आशंका जताई है कि सुनसान पहाड़ी पर अकेला पाकर लुटेरों ने उसे निशाना बनाया हो या किसी ने उसका अपहरण कर लिया हो। पुलिस को होटल में अद्वैत के गैजेट्स भी मिले हैं, जिनकी सर्च हिस्ट्री में एआई से खुदकुशी से जुड़े सवाल पूछे गए थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन हरकत में आया। युवक की तलाश के लिए घने पहाड़ी क्षेत्रों में डॉग स्क्वाड और तलाशी दलों के साथ बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। ड्रोन से भी पहाड़ी और आसपास के क्षेत्रों की निगरानी की जा रही है।
अलग-अलग टीमों को संभावित स्थानों पर भेजकर सर्चिंग कराई जा रही है। पुलिस ने आसपास के थानों को भी अलर्ट कर दिया है। पुलिस मामले में अपहरण, दुर्घटना और राहजनी समेत सभी संभावित पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। फिलहाल अद्वैत के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है।