
इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। राज्य साइबर सेल ने अंतरराष्ट्रीय फर्नीचर कंपनी के सेल्समैन को गिरफ्तार किया है। आरोपित नाइजीरिया से इंस्टाग्राम पर एक युवती को अश्लील मैसेज एवं फोटो पोस्ट कर परेशान कर रहा था। पुलिस उसकी दो साल से तलाश में थी।
एसपी (साइबर) जितेंद्र सिंह के मुताबिक गिरफ्तार आरोपित का नाम आनंद पुत्र विजय बरोले निवासी बेकरी गली पाटनीपुरा है। वह फरियादी युवती का इंस्टाग्राम पर दोस्त है लेकिन युवती उससे बात ही नहीं करती थी। उससे बदला लेने के लिए आरोपित ने जनवरी 2020 में फर्जी आइडी बनाई और नाइजीरिया चला गया। वह फर्जी आइडी से ही नाइजीरिया से ही युवती को अश्लील मैसेज व फोटो पोस्ट कर परेशान करने लगा। पुलिस ने जांच की तो आइपी एड्रेस नाइजीरिया का निकला और उसके आने का इंतजार करने लगी। जैसे ही वह भारत आया, पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी ले ली।
जालसाजी के आरोपितों को पकड़ा, अपहरण की रिपोर्ट लिखवाने थाने पहुंचे स्वजन
हीरानगर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात दिनेश और हरिओम के अपहरण की खबर से हड़कंप मच गया। करीब आठ घंटे बाद खुलासा हुआ कि दोनों को चुरू (राजस्थान) पुलिस धोखाधड़ी के मामले में ले गई है। आरोपितों के स्वजन ने शिकायत में कहा कि पुलिस ने दिनेश की गाड़ी भी सुनसान जगह खड़ी करवा दी और फोन लगाकर खाते में तीन लाख रुपये जमा करवा लिए। टीआइ सतीश पटेल ने नंबरों की जांच की तो पता चला दोनों को चुरू पुलिस ले गई है लेकिन प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। टीआइ ने जवानों को कॉल कर थाने बुलाया और कहा कि आमद-रवानगी दर्ज न करवाने पर अपहरण का केस दर्ज हो सकता है।
पत्नी पर बनाया तलाक का दबाव
इंदौर। पति द्वारा पत्नी के आपत्तिजनक फोटो लेकर तलाक के लिए दबाव बनाने का मामला सामने आया है। चंद्रावतीगंज थाना पुलिस के मुताबिक पीड़ित पत्नी की शिकायत पर आरोपित पति आशिक पटेल, ससुर मुबारिक पटेल, सास बबीता निवासी ग्राम पिपलई नई आबादी चंद्रावतीगंज के खिलाफ केस दर्ज किया है। पत्नी का आरोप है कि पति ने उसके आपत्तिजनक फोटो लिए और तलाक देने के लिए दबाव बनाया। तलाक नहीं देने पर फोटो इंटरनेट मीडिया पर जारी करने की धमकी दी।