Indore Zoo: 44 साल बाद हुआ ऐसा, सैलानियों से गुलजार हुआ चिड़ियाघर
Indore Zoo: चिड़िया घर का नजारा सुबह 7 बजे से ही बदला हुआ नजर आया। लोग टिकट काउंटर पर जमा होने लगे थे।
By
Edited By:
Publish Date: Wed, 02 Jan 2019 08:47:38 AM (IST)
Updated Date: Wed, 02 Jan 2019 01:37:44 PM (IST)

इंदौर। चिड़ियाघर में नए साल के पहले दिन मंगलवार को 38 हजार सैलानी वन्य प्राणियों को देखने पहुंचे। इस साल पहुंचने वाले सैलानियों की यह संख्या पिछले साल से छह हजार अधिक रही। पिछले साल 32 हजार सैलानी पहुंचे थे। इसके पहले 20 हजार सैलानी व्हाइट टाइगर सिद्धि-सिद्धि के जन्म के समय 2008 में पहुंचे थे।
1974 से अब तक सैलानियों के पहुंचने की यह सबसे अधिक संख्या है। बच्चों ने हाथी मोती को नाम से पुकारा। इस दौरान मोती इतने लोगों को देख विचलित भी दिखाई दिया। जब वह अपना सिर हिलाता तो बच्चे अपने द्वारा पुकारे नाम को सुनकर हाथी मोती के सिर हिलाने से खुश हो जाते। वहीं टाइगर लक्की को देखकर भी बच्चे उत्साही दिखे। दुनिया के सबसे छोटे बंदर ने अपनी उछलकूद से सभी का मन मोह लिया। चिड़िया घर का नजारा सुबह 7 बजे से ही बदला हुआ नजर आया। लोग टिकट काउंटर पर जमा होने लगे।
सुबह 8.30 बजे काउंटर खुलते ही चार लाइनों से टिकट का वितरण किया गया। चिड़ियाघर के अंदर व बाहर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। दोपहर होते-होते भीड़ बढ़ने लगी। चिड़ियाघर प्रभारी उत्तम यादव ने बताया कि 60 कर्मचारियों को वन्य प्राणियों के कैज के बाहर व्यवस्था संभालने लगाया गया था।