कुलदीप भावसार, इंदौर (नईदुनिया)। इंदौर शहर में खेल गतिविधियों का केंद्र रहे नेहरू स्टेडियम की जगह बहुत जल्दी नया खेल संकुल बनेगा। इसे नेहरू स्टेडियम को तोड़कर बनाया जाएगा। करीब तीन सौ करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाले नए खेल संकुल में क्रिकेट, हाकी, फुटबाल जैसे आउटडोर खेलों के साथ-साथ इनडोर खेलों के लिए भी जगह रहेगी। इनडोर स्टेडियम भी बनाया जाएगा, जो इसी खेल संकुल का हिस्सा होगा। नगर निगम ने नई योजना पर काम शुरू कर दिया है।
नेहरू स्टेडियम के स्थान पर बनाए जाने वाले नए खेल संकुल में बड़े नेहरू स्टेडियम के साथ-साथ छोटे नेहरू स्टेडियम, निगम के जोनल कार्यालय की जमीन भी शामिल की जाएगी, ताकि सभी प्रमुख खेल गतिविधियों के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध हो सके। खेल संकुल में अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्विमिंग पूल भी होगा। संकुल में 50 से ज्यादा दुकानें और फूड कोर्ट भी होगा।
नेहरू स्टेडियम का निर्माण वर्ष 1963 में हुआ था। यहां 15 से ज्यादा खेल संगठनों के कार्यालय हैं। रखरखाव के अभाव में स्टेडियम की स्थिति लगातार कमजोर हो रही है। न मैदान खेलने लायक बनाए रखा जाता है, न इमारत का रखरखाव होता है। हालत यह है कि स्टेडियम के कई हिस्से जर्जर हो चुके हैं। शहर की इस विरासत को सहेजने की बात कई बार हुई।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि गौरव दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने नया खेल संकुल बनाने की बात की थी। हमने इसकी योजना पर काम शुरू कर दिया है। पुराने स्टेडियम को तोड़कर ही नया संकुल बनाया जाएगा। यह काम स्मार्ट सिटी कंपनी करेगी। नगर निगम की कोशिश है कि आगामी तीन-चार माह में योजना तैयार कर लें ताकि इसी वर्ष भूमिपूजन हो जाए।