Indian Railways: इंदौर के लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन का होगा विकास, सर्वे करवा रहा रेलवे
Indian Railways: शहर के एक बड़े हिस्से के यात्रियों को नहीं जाना पड़ेगा मुख्य स्टेशन।
By Sameer Deshpande
Edited By: Sameer Deshpande
Publish Date: Mon, 05 Sep 2022 11:19:24 AM (IST)
Updated Date: Mon, 05 Sep 2022 11:19:24 AM (IST)

- मुख्य स्टेशन पर जगह की कमी से नहीं है अब विस्तार की संभावना
Indian Railways: नवीन यादव, इंदौर। आइलैंड प्लेटफार्म बनाने के बाद भी मुख्य रेलवे स्टेशन पर जगह की कमी बड़ी परेशानी है। भीड़ बढ़ने से यात्रियों को रोज परेशानी होती है। इस समस्या से निजात पाने के लिए भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन की तर्ज पर लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन को विकसित करने की योजना पर काम चल रहा है। इसका उपयोग फिलहाल माल गाड़ियों की आवाजाही के लिए किया जाता है। बीते सिंहस्थ में यह स्टेशन काफी उपयोगी साबित हुआ था। इसे देखते हुए रेलवे एक सर्वे करवा रहा है।
यहां के माल गोदामों को मांगलिया क्षेत्र के स्टेशन के पास स्थानांतरित करने की संभावना तलाशी जा रही है। सब कुछ सही रहा तो शहर के एक बड़े हिस्से के रेलयात्रियों को मुख्य स्टेशन नहीं जाना पड़ेगा। वे अपनी ट्रेन लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन से पकड़ लेंगे। कुछ साल बाद लगने वाले सिंहस्थ मेले में आने वालों को भी काफी सुविधा हो जाएगी।
इंदौर के मुख्य रेलवे स्टेशन के भवन को करीब 400 करोड़ की सहायता से संवारने की तैयारी की जा रही है, लेकिन बार-बार होने वाले सर्वे में यह बात सामने आई है कि अब मुख्य रेलवे स्टेशन के भवन का नवीनीकरण तो हो सकता है, लेकिन नए प्लेटफार्म नहीं बनाए जा सकते हैं। पार्क रोड रेलवे स्टेशन पर एक प्लेटफार्म बनाने की गुंजाइश है, लेकिन इससे भविष्य की जरूरतें पूरी नहीं होंगी। इसे देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। पिछले दिनों इंदौर से दिल्ली के बीच शुरू हुई नई ट्रेन के शुभारंभ के दौरान सांसद शंकर लालवानी और डीआरएम विनीत गुप्ता के बीच इस विषय को लेकर चर्चा हुई। इसके बाद रेलवे ने सर्वे शुरू किया।
इसलिए लक्ष्मीबाई नगर पहली पंसद
लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन विकसित होता है तो बाणगंगा, नंदानगर, सुखलिया, परदेशीपुरा, विजय नगर, महालक्ष्मी नगर, निपानिया, लसूड़िया जैसे इलाके के लोगों शहर के ट्रैफिक से जूझते हुए मुख्य रेलवे स्टेशन जाना नहीं पड़ेगा। यहां के माल गोदाम को दूसरी जगह भेज दिया जाएगा तो उससे काफी जगह हो जाएगी। शहर में आने वाले ट्रक बाहर ही रह जाएंगे। ट्रेनों को यहां केवल पांच मिनट का ठहराव देना रहेगा।
भविष्य को देखते हुए तैयारी
लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन को विकसित करने की जरूरत है। इसे लेकर डीआरएम सर्वे करवा रहे हैं। मंत्रालय में भी इस संबध में बात कर ली है। शहर के विकास और भविष्य की जरूरत देखते हुए इसे तैयार किया जाएगा।
-शंकर लालवानी, सांसद
लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन को लेकर सर्वे चल रहा है। पूरा होने के बाद इसे मुख्यालय भेजा जाएगा। इससे यात्रियों को सुविधा हो जाएगी।
-खेमराज मीना, जनसंपर्क, अधिकारी रतलाम मंडल
इंदौर स्टेशन एक नजर
- 04 प्लेटफार्म मुख्य स्टेशन पर
- 02 प्लेटफार्म पार्क रोड पर
- 54 ट्रेनें चलती हैं इंदौर से
- 20 हजार से अधिक यात्री हर दिन करते हैं सफर