इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। इंदौर ने देश को केवल क्रिकेट के ही नामी खिलाड़ी नहीं दिए बल्कि हर खेल, हर साहिसिक गतिविधियों में भी शहर का गौरव यहां के लोगों ने बढ़ाया है। अब पर्वतारोहण में भी इंदौर नाम कमा रहा है। पर्वतारोहण के क्षेत्र में शहर का मान बढ़ाने वाले पर्वतारोही रत्नेश पाण्डेय को फिट इंडिया चैंपियन बनाया गया है। उन्हें दिल्ली स्थित भारत सरकार के खेल मंत्रालय द्वारा फिट इंडिया मिशन का चैंपियन घोषित किया गया है। रत्नेश मध्य प्रदेश से एकमात्र ऐसे व्यक्ति हैं जिन्हें चैंपियन बनने का गौरव मिला है।
स्वास्थ्य और फिटनेस के संदेश को जन-जन तक पंहुचाने और स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करने की मुहिम भारत सरकार द्वारा चलाई जा रही है। इस अभियान के चैंपियन रत्नेश को नियुक्त किया गया है। उल्लेखनीय है कि रत्नेश प्रथम भारतीय पर्वतारोही हैं, जिन्होंने दुनिया के सबसे ऊंचे पर्वत के शिखर पर प्रथम बार भारतीय राष्ट्रगान गाकर इतिहास रचा और यह वर्ल्ड रिकार्ड अपने नाम दर्ज कराया है। रफ्तार और रोमांच की दुनिया में सफलता का परचम लहराते हुए रत्नेश ने पूरी दुनिया में इंदौर के साथ-साथ मध्य प्रदेश को एक खास पहचान दिलाई है।
दूसरों को भी ट्रेनिंग देकर एवरेस्ट फतेह कराया - रत्नेश ने दुनिया के कई पर्वतों पर सफलतापूर्वक आरोहण तो किया ही, दूसरों को भी प्रशिक्षित करके एवरेस्ट फतेह कराया। यही नहीं, रत्नेश ने दुनिया की पहली ट्रांसजेंडर टीम के साथ हिमालय की माउंट फ्रेंडशिप चोटी (17353 फीट) पर सफलतापूर्वक चढ़ाई की और इतिहास रचा। इस अभियान को रत्नेश, किन्नर अखाड़ा की आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी और राष्ट्रीय ट्रांसजेंडर कमीशन के आर्यन पाशा के मार्गदर्शन में पूरा किया गया। रत्नेश बताते हैं कि अभियान की शुरुआत विगत वर्ष 2 अक्टूबर को दिल्ली से ही हुई थी। दिल्ली से रवाना होकर टीम मनाली पंहुची। कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए टीम प्रमुख बेस कैंप लेडी लेग पंहुची। यहां दल ने पर्वतारोहण की तकनीक सीखी और कठिन अभ्यास किया। 10 अक्टूबर को दल ने अंतिम चढ़ाई के लिए रवानगी कर दूसरे दिन फ्रेंडशिप चोटी के शिखर पर पंहुची।