इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। भारतीय उद्योग परिसंघ यानी कंफेडरेशन आफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआइआइ) के पश्चिमी क्षेत्र के चेयरमैन सुनील चौरड़िया निर्वाचित हुए। इंदौर के सुनील चौरड़िया राजरतन ग्लोबल वायर लिमिटेड के चेयरमैन और प्रबंधकीय निदेशक हैं। सीआइआइ ने उन्हें 2022-23 के लिए अपना चेयरमैन चुना है। वहीं टाटा पावर कंपनी लिमिटेड के सीईओ और एमडी प्रवीर सिन्हा सीआइआइ पश्चिमी क्षेत्र के डिप्टी चेयरमैन निर्वाचित हुए हैं।
पुनर्गठित पश्चिमी क्षेत्रीय परिषद की पहली बैठक में उनके नामों की घोषणा की गई। पश्चिमी क्षेत्र की साल 2022-23 के लिए थीम है इंडिया एट- 75 यानी आर्थिक विकास और विकास के लिए प्रतिस्पर्धात्मकता, कौशल और स्थिरता पर ध्यान केंद्रित करना। पश्चिमी क्षेत्र के लिए प्रमुख फोकस क्षेत्र प्रतिस्पर्धात्मकता, कौशल, स्थिरता या टिकाऊपन (सस्टेनिबिलटी) होंगे।
कौन है चौरड़िया - सुनील चौरड़िया की टायर बीड वायर का उत्पादन करने वाली राजरतन कंपनी आज भारत की अग्रणी और एशिया की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी है। साथ ही यह एशिया, अमेरिका और यूरोप समेत दुनिया भर में लगभग हर प्रमुख टायर निर्माता के साथ वैश्विक स्तर पर यह कंपनी टाप-5 में शामिल है। 2008 में उन्होंने थाइलैंड में अपनी दूसरी फैक्ट्री की स्थापना की थी। थाइलैंड को दुनिया का टायर हब बनाने के रूप में पहचान कर यह उनका एक अग्रणी कदम था। दुनिया इसे पहचान पाती, उससे पांच साल पहले उन्होंने यह कर दिखाया। थाइलैंड में बीड वायर उत्पादन करने वाली राजरतन इकलौती कंपनी है।
सीआइआइ से 2005 से जुड़े हैं - सुनील चौरड़िया सीआइआइ के साथ 2005 से जुड़े हुए हैं। वे सीआइआइ मध्यप्रदेश चैप्टर के 2006 में चेयरमैन रह चुके हैं। तब से अब तक वह पश्चिमी क्षेत्र में विभिन्न पद और जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। हाल ही में साल 2020-21 के लिए वह इंटरनेशनल ट्रेड एंड इन्वेस्टमेंट के सह-अध्यक्ष हैं। उन्होंने इंदौर मैनेजमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष और बोर्ड सदस्य के रूप में सक्रिय भूमिका निभाई।