Waste Management Indore: इंदौर का कचरा प्रबंधन मॉडल वैश्विक स्तर का, दूसरे शहरों में भी लगाएंगे बायो सीएनजी के प्लांट : प्रधान
Waste Management Indore: केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि कुछ देशों की अंदरूनी समस्याअों के कारण कीमतों में वृद्धि हो रही है।
By sameer.deshpande@naidunia.com
Edited By: sameer.deshpande@naidunia.com
Publish Date: Sun, 06 Dec 2020 06:18:25 PM (IST)
Updated Date: Sun, 06 Dec 2020 07:57:22 PM (IST)

Waste Management Indore: इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि इंदौर का कचरा प्रबंधन मॉडल वैश्विक स्तर का है। मैं देश के कई राज्यों और दुनिया के कई देशों में जाता हूं, लेकिन इंदौर ने जो मॉडल खड़ा किया है, वह सबसे बेहतर है। यहां नागरिकों ने घर-घर कचरा कलेक्शन और सफाई को जन आंदोलन बनाया है। वहीं पेट्रोल की बढ़ती कीमत को लेकर उन्होंने कहा कि कुछ देशों की अंदरूनी समस्याअों के कारण कीमतों में वृद्धि हुई है।
मंत्री रविवार को रेसीडेंसी कोठी में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने बेहतर प्रयासों के लिए नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को बधाई दी। वे बोले 'वेस्ट टू वेल्थ' पीएम की कल्पना है। कचरे को आर्थिक गतिविधियों में बदला जाएगा, तो स्वच्छता के साथ स्वास्थ्य, पर्यावरण और रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी। इसमें इंदौर सबसे आगे है, इसलिए यहां नगर निगम के तीन बीयो सीएनजी प्लांट देखने आया हूं। पेट्रोलियम मंत्रालय ने भी योजना लागू की है कि वह बायो सीएनजी प्लांट में पैदा होने वाली गैस 46 रुपये प्रति किलो के हिसाब से खरीदेगी। यह सफल उद्यम हो सकता है। दूसरे शहरों में भी इंदौर जैसे बायो सीएनजी प्लांट लगाए जाएंगे।
नरवाई और खेती संबंधी चीजों से भी बना सकते हैं सीएनजी
धर्मेंद्र प्रधान बोले कि नरवाई और खेती संबंधी अन्य चीजों से भी सीएनजी बनाई जा सकती है। मध्यप्रदेश और खासतौर पर मालवा में इसकी विशेष संभावना है। उन्होंने बताया कि अमेरिकी चुनाव और विश्व के कुछ देशों की अंदरूनी समस्याओं के कारण पेट्रोल की कीमतें बढ़ी हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पांच लाख बैरल प्रतिदिन का उत्पादन बढ़ाने का फैसला हुआ है। संभवत: जल्द ही उसका असर कीमतों पर होगा।
किसान आंदोलन का सवाल टाल गए- पत्रकारों ने उनसे देश में जारी किसान आंदोलन को लेकर सवाल किया, लेकिन मंत्री ने उसका जवाब नहीं दिया।