नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर(Indore News)। जम्मू-कश्मीर में गोलाबारी होने के बाद कटरा में भी तनाव बढ़ गया है। शहर से माता वैष्णोदेवी यात्रा करने गए कई लोग कटरा में फंसे हुए है। शहर में ब्लैक आउट लागू हो चुका है और यात्रियों को होटलों में रुकने का संदेश दिया गया है।
पाकिस्तान की तरफ से गोले दागने के बाद जम्मू-कश्मीर में सेना ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। कटरा में तो गुरुवार को जम्मू एयर स्ट्रिप पर रॉकेट दागा गया था। इससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा बल अधिक सक्रिय हुआ और माता वैष्णो देवी के दर्शन करने गए श्रद्धालुओं को खाली करने के निर्देश दिए। सभी यात्रियों को सुरक्षित स्थान और होटलों में रुकने के लिए कहा गया।
बाणगंगा से दर्शन करने गए सुभेंद्रसिंह, अथर्वसिंह, अक्षतसिंह, तेजेंद्रसिंह, पृथ्वीराजसिंह, आदित्यसिंह, दिशा चौहान, वैशाली ठाकुर और साक्षीसिंह परिवार सहित कटरा में हैं। शुभेंद्र के मुताबिक कटरा में चारों तरफ अंधेरा है।
होटल में भी बिजली नहीं जला सकते हैं। चारों तरफ सेना के जवान हैं। बार-बार सायरन की आवाज आती है। बाजार तो शाम से ही बंद हो गए। होटलों में खाने के लिए काफी भीड़ लग रही है।
कटरा से आने वालों को काफी परेशानी हो रही है। फ्लाइट निरस्त कर दी गई है। ट्रेन तो फुल जा रही है। लोग आने वाले अधिक हैं। जम्मू और कटरा से चार पहिया वाहन भी नहीं मिल रहे हैं। खतरा देखते हुए पंजाब नहीं जा सकते हैं। दिल्ली जाने के लिए कार वाले तैयार नहीं हैं।