Janmashtami 2023: इंदौर में दो दिन रहेगी जन्माष्टमी की धूम, गोपाल और बांके बिहारी मंदिर में आज
Janmashtami 2023: यशोदा माता, इस्कान मंदिर में कल मनेगी जन्माष्टमी। पर्व को लेकर मंदिरों में तैयारी पूरी हो चुकी हैं।
By Sameer Deshpande
Edited By: Sameer Deshpande
Publish Date: Wed, 06 Sep 2023 07:26:44 AM (IST)
Updated Date: Wed, 06 Sep 2023 02:26:27 PM (IST)
इंदौर के राजवाड़ा के समीप बाके बिहारी मंदिर में शृंगारित भगवान। फोटो- राजू पवार Janmashtami 2023: इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की धूम बुधवार से शुरू हो जाएगी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व शहर में दो दिन मनाया जाएगा। पर्व को लेकर मंदिरों में तैयारी पूरी हो चुकी हैं। रंग-बिरंगी विद्युत सज्जा के साथ कान्हा की आकर्षक झांकी भी मंदिरों में सजाई गई है। बुधवार को राजवाड़ा स्थित शहर के प्राचीन गोपाल मंदिर और बांके बिहारी मंदिर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा।
माखनचोर को मेवा मिष्ठान्न का भोग लगाया जाएगा और योगेश्वर को भक्तियोग के माध्यम से रिझाने का प्रयास भक्त करेंगे। रात 12 बजे जन्मोत्सव आरती की जाएगी और ललना को पलना में झुलाया जाएगा, जबकि
यशोदा माता मंदिर, इस्कान मंदिर और अन्य वैष्णव मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव सात सितंबर को मनाया जाएगा।
इसलिए दो दिन मनाया जा रहा जन्मोत्सव
भाद्रपद माह के कृष्णपक्ष की अष्टमी तिथि को
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाता है। इस वर्ष अष्टमी तिथि छह सितंबर को दोपहर 3 बजकर 37 मिनट से शुरू होकर सात सितंबर को शाम 4 बजकर 4 मिनट तक रहेगी। रोहिणी नक्षत्र छह सितंबर को सुबह 9.20 से सात सितंबर को सुबह 10.25 तक रहेगा। शैव संप्रदाय के अनुयायी छह सितंबर और वैष्णव मत को मानने वाले उदयातिथि के अनुरूप सात सितंबर को जन्मोत्सव पर्व मनाएंगे।
गोपाल मंदिर के पुजारी पंडित बालमुकुंद पाराशर ने बताया कि बुधवार सुबह आठ बजे भगवान को माखन मिश्री का भोग लगाया जाएगा। राधा-कृष्ण के विग्रह को नूतन पोषाक पहनाकर उन्हें शृंगारित किया जाएगा और फिर वैदिक पद्धति से पूजा-अर्चना की जाएगी। रात 12 बजे महाआरती होगी।
लड्डू गोपाल को तैयार करती हुई गोपी।
श्री लक्ष्मी वेंकटेश देवस्थान में पर्व कल
छत्रीबाग स्थित श्री लक्ष्मी वेंकटेश देवस्थान में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व सात सितंबर को मनाया जाएगा। श्रीमद्जगदगुरु रामानुजाचार्य नागोरिया पीठाधिपति स्वामी विष्णुप्रपन्नाचार्य महाराज के मंगला शासन में रोहिणी नक्षत्र में जन्मोत्सव मनाया जाएगा। रात 12 बजे जन्म आरती होगी।
चांदी के रथ पर निकलेंगे लड्डू गोपाल, भक्त खींचेंगे रथ
जिला यादव अहीर समाज गुरुवार को शोभायात्रा निकालेगा। शोभायात्रा की बागडोर पहली बार समाज की मातृशक्ति और युवाओं को सौंपी गई है। शोभायात्रा में चांदी के रथ पर लड्डू गोपाल को विराजित कर नगर भ्रमण कराया जाएगा। यह रथ को महिला और युवा खीचेंगे।