
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। कानून की पढ़ाई कर रही छात्रा ब्लैकमेलिंग का शिकार हो गई। एक युवक ने सोशल मीडिया पर दोस्ती की और आपत्तिजनक वीडियो बना लिए। छात्रा के मिलने से इनकार करने पर आरोपित ने वीडियो दोस्तों को भेज दिए। सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी भी बना ली।
राजेंद्र नगर पुलिस के मुताबिक, 20 वर्षीय पीड़िता की शिकायत के अनुसार आरोपित आदित्य पुत्र राहुल वर्मा से सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी दोस्ती हुई थी। दोनों की आपस में बातचीत होती थी। वॉट्सऐप पर चैटिंग भी करने लगे थे।
छात्रा का आरोप है कि आदित्य ने उससे आपत्तिजनक अवस्था में फोटो मांगे। इनकार करने पर उसको धमकाया। वह बार-बार कॉल लगाने लगा। कुछ दिनों पूर्व उसने दोस्त और सहेलियों को उसका वीडियो भेज दिया।
यह भी पढ़ें- मुंबई मंडल में भारी वर्षा, मेघनगर स्टेशन पर 10 घंटे फंसी उदयपुर-बांद्रा एक्सप्रेस; यात्री परेशान, कई बीमार
उसने छात्रा के नाम से इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बना ली और उस पर भी वीडियो अपलोड कर दिए। शिकायत के बाद पुलिस ने एक्शन लेते हुए आरोपित आदित्य को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।