
लोकेश सोलंकी, नईदुनिया, इंदौर। पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की भ्रष्टाचार से दोस्ताना भिड़ंत जारी है। कंपनी भ्रष्टाचार के प्रकरणों की जांच ऐसे अधिकारियों से करवा रही है जो खुद भ्रष्टाचार के मामले में आरोपित हैं। लोकायुक्त के छापों के निशाने पर आए बिजली कंपनी के अतिरिक्त मुख्य अभियंता शिवराम सेमिल भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे अन्य इंजीनियरों की जांच कर रहे हैं।
आरोप लग रहे हैं कि छह-सात पुराने मामलों में बिजली कंपनी इस तरह जांच ठंडी कर खुद का दामन बचाने में लगी है। दरअसल, अब तक इंदौर की बिजली कंपनी के कम से कम 20 अधिकारी व कर्मचारी लोकायुक्त के छापों या रंगे हाथ रिश्वत लेने में धरे जा चुके हैं।
आठ साल पहले केंद्र सरकार की योजना आईपीडीएस में सैकड़ों करोड़ का फंड जारी किया था। एक-डेढ़ साल में इस योजना में भ्रष्टाचार के मामले सामने आ गए। केंद्र की योजना में आए खंभे-ट्रांसफार्मर इंजीनियर और अधिकारियों ने तय स्थानों पर लगाने की बजाय निजी ठेकेदारों को बेच दिए। दबाव में जांच हुई और तीन साल पहले कुछ इंजीनियरों की वेतन वृद्धि रोकने व अनुशासनात्मक कार्रवाई कर दी गई।
इस बीच पांच इंजीनियरों की जांच अब तक पूरी नहीं हुई। बीते दिनों में अतिरिक्त मुख्य अभियंता शिवराम सेमिल को इन इंजीनियरों की जांच का जिम्मा दिया गया। 21 जुलाई को सेमिल के इंदौर-पीथमपुर, धार और मुरैना स्थित नौ ठिकानों पर लोकायुक्त ने छापे मारे। आय से 258 गुना अधिक संपत्ति पाने की प्रारंभिक जानकारी मिली। इसके बाद लोकायुक्त ने केस दर्ज कर लिया। बिजली कंपनी ने सेमिल को खरीद सेक्शन से हटा दिया लेकिन भ्रष्टाचार की जांच का जिम्मा दिए रखा।
बिजली कंपनी फील्ड के अधिकारियों के लिए पेट्रोल और डीजल के कूपन जारी करती थी। बीते वर्षों में मंदसौर और उज्जैन क्षेत्र में पेट्रोल-डीजल के इन कूपनों को फर्जी तरीके से भुनाने का मामला सामने आया। बिजली कंपनी ने प्रारंभिक जांच में अधिकारियों को दोषी मान लिया।
यह भी पढ़ें- इंदौर में बिजली कंपनी में लाइनमैन की कमी, रिटायर अफसरों की भर्ती को दे दी मंजूरी
अब जब प्रमोशन की दस साल से रुकी प्रक्रिया फिर शुरू हुई तो कंपनी पेट्रो कांड में भी जांच को फिर से करवाने में जुट गई। बुधवार को कंपनी के बोर्ड आफ डायरेक्टर्स की बैठक में पेट्रो कांड में भी क्लीन चिट देने का प्रस्ताव रखने की तैयारी है।
यह भी पढ़ें- इंदौर में क्यूआर कोड से डोर-टू-डोर हो सकेगा बिजली बिल भुगतान, इस पर छूट भी मिलेगी
सेमिल पर आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज हुआ है। वे जांच तो लोकायुक्त कार्रवाई से पहले ही कर रहे थे। हालांकि अब हमने फिर से जांच करवाने का निर्णय लिया है। पुरानी जांचें अच्छी तरह से नहीं हुई थीं। इसलिए जांच करेंगे। अन्य अधिकारियों को जांच सौंपी जा रही है।- प्रकाशसिंह चौहान, मुख्य महाप्रबंधक, पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी