
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। संबल योजना की दो लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत कराने के एवज में रिश्वत मांगना नगर निगम की एक वार्ड प्रभारी संध्या पथरोड़ को भारी पड़ गया। लोकायुक्त पुलिस ने गुरुवार को नगर निगम के जोन क्रमांक-13 में भी छापा मारा। पुलिस ने संध्या पथरोड़ को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। मामले में वार्ड प्रभारी सहायक हरभजन सिंह सलूजा को भी आरोपित बनाया गया है।
एसपी (लोकायुक्त) डॉ. राजेश सहाय के अनुसार लिंबोदी निवासी आशीष चौधरी ने 17 जुलाई को लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। आशीष ने बताया कि उसके पिता जितेंद्र चौधरी की मृत्यु के बाद संबल योजना के तहत मिलने वाली 2 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत कराने के लिए दोनों आरोपित 20 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं।
यह भी पढ़ें- एमपी हाई कोर्ट का अहम फैसला, शादी का प्रस्ताव लेकर घर जाना अपराध नहीं, स्टॉकिंग के आरोप से युवक बरी
सत्यापन के दौरान सौदा 15 हजार रुपये में तीन किस्तों में तय हुआ। एसपी ने निरीक्षक प्रतिभा तोमर की टीम गठित कर भंवरकुआं क्षेत्र स्थित डीडी गार्डन के पीछे ट्रैप कार्रवाई की। आरोपित संध्या पथरोड़ को शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपये लेते ही रंगे हाथ पकड़ लिया गया। दोनों आरोपितों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 तथा बीएनएस की धारा 61(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।