
इंदौर। हनीट्रैप की मास्टरमाइंड श्वेता जैन ने सरकारी महकमे गहरी पैठ बना ली थी। वह अफसर और नेताओं के दम पर भाई को सरकारी विभागों में ठेके दिलाने लगी थी। उधर, खूफिया एजेंसियां भी हर छोटे-छोटे बिंदु की छानबीन कर रही है। एटीएस, एसटीएफ और आईबी अफसर भी छानबीन कर रहे हैं। बताया जाता है कि श्वेता को जिस अधिकारी को ट्रैप में फंसाना होता था, आरती से उसकी मुलाकात करवाती थी। आरती शुरुआती मुलाकातें रेस्त्रां और कैफे में करती थी। नजदीकी बढ़ते ही होटल में शराब पार्टी शुरू कर फोटो-वीडियो बना लेती थी।
मूलत: सागर की रहने वाली श्वेता शादी के पहले से ही विवादों में रही है। सागर में पदस्थ आईएएस अधिकारी के साथ आपत्तिजनक वीडियो भी सामने आया था। इसके बाद उक्त अधिकारी को सागर से हटना पड़ा था और पत्नी से तलाक की नौबत आ गई थी। परिजन ने श्वेता की विजय जैन से शादी कर दी और वह भोपाल में रहने लगी। भाई राजा जैन ने सरकारी विभागों में ठेके लेने शुरू कर दिए। श्वेता के नेताओं और अधिकारियों से संबंध होने के कारण राजा को ठेके आसानी से मिल जाते थे। एएसपी (क्राइम) अमरेंद्र सिंह के अनुसार इसी दौरान हरभजन भी श्वेता के संपर्क में आए। बाद में उसने साजिश के तहत उसकी मुलाकात आरती से करवा दी।
हरभजन को इमोजी, स्माइली और गुड मॉर्निंग मैसेज भेज जाल में फंसाया
हरभजन सिंह ने पुलिस को बताया कि सीमा सोनी, आरती दयाल की सहायक है। पहले दोनों ने मदद के बहाने बातचीत शुरू की थी। फिर वाट्सएप पर चैटिंग शुरू कर दी। शुरुआत में गुड मॉर्निंग, गुड इवनिंग के मैसेज और चुंबन व स्माइली के इमोजी भेजने लगी। इसके बाद निजी फोटो भेजना शुरू कर दिए। विश्वास बढ़ जाने पर गलत काम के लिए उकसाना शुरू किया। कुछ दिनों बाद क्लिपिंग भेजी और डिलीट भी कर दी।
श्वेता की बहन बोली- आरती को घर से निकाल दिया था
श्वेता की गिरफ्तारी की खबर मिलने पर गुरुवार सुबह बहन स्वाति श्वेता के बेटे के साथ पलासिया थाने पहुंची। उसने पुलिसकर्मियों से कहा कि श्वेता एनजीओ के साथ भोपाल में फैक्टरी भी चलाती है। उसकी लाखों रुपए महीने की कमाई है। आरती घर में किरायेदार थी। कुछ माह पहले आईएएस के साथ वीडियो सामने आने पर आरती को धक्के मारकर घर से निकाल दिया। श्वेता का पति विजय इंदौर में पढ़ा है। राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारियों सहित कई पूर्व और वर्तमान विधायक भी विजय के मित्र हैं। हरभजन से भी वर्षों पुरानी पहचान है। स्वाति ने बताया कि श्वेता को हिरासत में लिए जाने के बाद मैंने हरभजन को कॉल किया और कहा कि पुलिस ने श्वेता को पकड़ लिया है तो हरभजन ने कहा कि रिपोर्ट में श्वेता का नाम नहीं लिखवाया है।