Mahashivaratri 2021: सजे शिवालयों में सुबह से लगी भक्तों की कतार, गूंजे हर हर महादेव के जयघोष
Mahashivaratri 2021: अल सुबह से भस्म आरती के साथ अनुष्ठानों का दौर शुरू हुआ। हर हर महादेव के जयघोष गूंजे।
By gajendra.nagar
Edited By: gajendra.nagar
Publish Date: Thu, 11 Mar 2021 11:27:43 AM (IST)
Updated Date: Thu, 11 Mar 2021 11:27:43 AM (IST)

इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि,Mahashivaratri 2021। शहर में सजे शिवालयों में महाशिवरात्रि पर सुबह से शिव पूजा के लिए भक्तों की कतार लगीं। इस दौरान अल सुबह से भस्म आरती के साथ अनुष्ठानों का दौर शुरू हुआ। हर हर महादेव के जयघोष गूंजे।
शहर के देवगुराड़िया स्थित गुटकेश्वर महादेव, गांधी हाल स्थित गोपेश्वर महादेव, पंचकुइयां स्थित भूतेश्वर महादेव, पंढरीनाथ स्थित इंद्रेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक दुग्धाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए। परदेशीपुरा शिवधाम में सुबह भस्म आरती हुई। बाणेश्वरी कुंड स्थित बाणेश्वरी महादेव का पांच नदियों के जल से अभिषेक किया गया।मनकामेश्वर कांटाफोड़ मंदिर पर 'स्वर्ण महल" में शेषनाग के सिर पर सवार भोलेनाथ नृत्य करने की झांकी आकर्षण का केंद्र है।समूचे मंदिर परिसर में कोलकाता के 18 कलाकारों ने 12 दिनों की मेहनत से बनाई झांकी बनाई है। मंदिर के गर्भगृह को स्वर्ण महल में तब्दील किया गया है।
मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष विष्णु बिंदल, संयोजक बी.के. गोयल एवं सचिव अजय खंडेलवाल ने बताया कि कोलकाता से आए इन कलाकारों ने पिछले 12 दिनों में दिन-रात परिश्रम कर इस झांकी का निर्माण किया है। मंदिर के गर्भगृह के सामने की चारों दीवारों को सफेद मयूर, त्रिशूल, स्वस्तिक, डमरू आदि शिवजी को प्रिय वस्तुओं की आकृति से सजाया गया है। चारों ओर 18 रंगीन हेलोजन की रंग-बिरंगी छंटा बिखरी रहेगी। चारों दीवारों पर सुनहरी नक्काशी और रोशनी को देखकर दर्शकों को स्वर्ण महल की अनुभूति होगी। गुरूवार सुबह केसर के जल से अभिषेक हुआ।