
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। आंध्र प्रदेश में मिलावटी दूध पीने से 16 लोगों की मौत हो गई है। इस घटना के बाद शहर में भी दूध डेरी पर प्रशासन की सख्ती शुरू हो गई है। सोमवार को खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों से 18 सैंपल लिए। टीम ने कार्रवाई करते हुए जोशी दूध दही भंडार (संविद नगर) से दूध के चार सैंपल, ओसवाल डेरी (संविद नगर) से दूध के तीन सैंपल और गणेश दूध दही भंडार स्वामी विवेकानंद नगर से दूध के तीन सैंपल लिए गए।
इसी क्रम में पूजा डेरी वैभव नगर से दूध एवं मावा के दो सैंपल, सोनू राजा डेरी (गुलजार कालोनी चौराहा) से मिश्रित दूध का एक सैंपल, गीता डेरी आनंद बाजार से दूध, पनीर एवं दही के तीन सैंपल और महावीर डेरी (साकेत चौराहा) से गाय के दूध का एक सैंपल जांच के लिए लिया गया। सुपर मिल्क प्रोडक्ट साकेत स्क्वेयर से चोको हेजलनट मिल्क का एक सैंपल लिया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का पालन करने, परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने तथा उपभोक्ताओं को गुणवत्तायुक्त एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। सभी सैंपलों को विस्तृत परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा जाएगा।