
डिजिटल डेस्क, इंदौर। इंदौर में छोटे गणपति मंदिर के करीब मेट्रो प्रोजेक्ट के लिए चल रहे काम की वजह से अब मल्हारगंज थाने को जिंसी मैदान में शिफ्ट किया जा रहा है। पुलिस द्वारा जब्त की गई गाड़ियों समेत थाने के रिकॉर्ड भी नई इमारत में शिफ्ट किए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक नवरात्र तक थाना पूरी तरह से शिफ्ट हो जाएगा। इसके बाद मल्हारगंज थाने की इमारत को हटाने का काम शुरू किया जाएगा। थाने में खड़ी जब्त की गई गाड़ियों को शिफ्ट किया गया है। इसके बाद अब रिकॉड को नई इमारत में ले जाया जा रहा है। थाने का काम इससे प्रभावित न हो इसके लिए धीरे-धीरे सामान की शिफ्टिंग की जा रही है।
मल्हारगंज पुलिस थाना जिंसी मैदान की जिस नई बिल्डिंग में शिफ्ट किया जा रहा है वह पुरानी बिल्डिंग से बड़ी है। यहां पर थाने के सारे रिकॉर्ड को व्यवस्थित तरीके से रखा जाएगा। मेट्रो प्रोजेक्ट की जद में यहां कुछ पेड़ भी आ रहे थे, जिन्हें गुरुवार को हटाने का काम किया गया।
मेट्रो प्रोजेक्ट के लिए छोटे गणपति मंदिर के पास और मल्हारगंज थाने के सामने से दुकानें भी हटाई गईं थी। यहां मेट्रो स्टेशन के लिए तेजी से काम चल रहा है।