
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। खुड़ैल थाना क्षेत्र में नौकरी पर जा रहे युवक और उसके भतीजे का फिल्मी अंदाज में अपहरण कर लिया गया। दोनों को जबरदस्ती ले गए और खदान में बंधक बनाकर डंडों से पिटाई कर दी। आरोपितों ने मोबाइल फोन तोड़ दिया और पर्स व अंगूठी भी छीन ली। पुलिस ने तीन के विरुद्ध नामजद एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस के मुताबिक घटना तिल्लोर खुर्द में शिवाजी राव कदम कॉलेज के सामने की है। ऋतिक उर्फ रुद्रसिंह निवासी पुत्र हरिसिंह पटेल निवासी बिहाड़िया द्वारा आरोपित कुणाल उर्फ टीटू गुर्जर निवासी दूधिया, अनुज गुर्जर और रोहित चौधरी निवासी तिल्लौर बामन टेकरी और उनके साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
ऋतिक के अनुसार वह चाय कंपनी में नौकरी करता है और शनिवार को अपने भतीजे अभिषेक पटेल के साथ बाइक (एमपी 09 क्यूए 9629) से ड्यूटी पर जा रहा था। कॉलेज के सामने दो बाइक पर आए कुणाल और उसके साथियों ने ऋतिक की बाइक रोक ली और रितिक यादव के संबंध में पूछताछ की।
रितिक यादव कुछ दिनों पूर्व बिहाड़िया से एक युवती के साथ गायब हो गया था। आरोपितों को शक था कि रितिक यादव और ऋतिकसिंह की बातचीत होती है। पूछताछ के लिए आरोपित नीलगिरी परिसर में बनी खदान में ले गए, जहाँ आरोपितों ने डंडों से पिटाई की और दोनों के मोबाइल छीन लिए। आरोपितों ने ऋतिक का फोन तोड़ दिया और अंगूठी छीन ली।
ऋतिक के मुताबिक आरोपित रितिक यादव और उसके साथ गई युवती को बुलाने की मांग कर रहे थे और कह रहे थे कि 'लड़की को बुलाओ और बंधन से मुक्त हो जाओ'। दोनों के साथ खूब मारपीट की जा रही थी। कुछ देर बाद चाय कंपनी में काम करने वाले एक युवक ने स्वजनों को कॉल लगाकर घटना बताई और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद आरोपित मौके से फरार हो गए।
खुड़ैल थाना क्षेत्र अंतर्गत बिहाड़िया की शिवधाम कॉलोनी में भी एक विवाद हो गया, जहाँ एक पक्ष ने पाइप और चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने मामले में चार लोगों के विरुद्ध नामजद एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के अनुसार राम पुत्र शांताराम पंवार की शिकायत पर रितेश इंगले, आर्यन जाधव, कुणाल और अरुण के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
फरियादी के अनुसार वह घर के बाहर बैठा था, तभी आरोपितों ने उसके साथ अभद्रता की और अपशब्दों का प्रयोग किया। कुछ देर बाद आरोपित पुनः आए और हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पर मामा रामकरण राठौर, पिता शांताराम, मामी ज्योति और मां कृष्णा के साथ भी मारपीट कर दी।
यह भी पढ़ें- देवास में छात्रा से छेड़छाड़, गेस्ट टीचर जब्बार खान गिरफ्तार, शिक्षा विभाग ने सेवा से किया कार्यमुक्त